मुरैना में बारूद के धमाकों से कांप रहे गांव, अवैध खनन से घरों में दरारें, ग्रामीण बोले- कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा
मुरैना में अवैध खनन पर रोक लगाने की मांग
मुरैना/मनोज शर्मा: मुरैना जिले की बानमौर तहसील के ग्राम मलखानपुरा में अवैध खनन और ब्लास्टिंग को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है. लगातार हो रहे धमाकों से गांव के लोगों का जीवन भय के साये में गुजर रहा है. ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा कर बड़े पैमाने पर उत्खनन और कॉलोनी निर्माण का कार्य किया जा रहा है.
ग्रामीणों के मुताबिक सर्वे क्रमांक 10, 11, 23, 128, 129 और 170 हेक्टेयर भूमि पर बिना वैध अनुमति के खनन गतिविधियां संचालित की जा रही हैं. आरोप है कि बिना T&CP (टाउन एंड कंट्री प्लानिंग) की अनुमति के अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही है. इतना ही नहीं, गांव के पारंपरिक रास्तों को बाधित किया गया है और मंदिर को हटाने की कोशिश भी की जा रही है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी लगातार बढ़ रही है.
बड़े हादसे की आशंका
गांववासियों का कहना है कि खनन के लिए किए जा रहे लगातार ब्लास्ट से कई मकानों में दरारें पड़ चुकी हैं, जबकि कुछ घरों की छतें भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं. लोगों ने आशंका जताई है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.
ये भी पढे़ंः मऊगंज में EOW की बड़ी कार्रवाई, रिश्वतखोर ग्राम सचिव 10 हजार रुपये लेते रंगेहाथ गिरफ्तार
अवैध खनन पर रोक लगाने की मांग
ग्रामीणों ने पास में संचालित एक इंडस्ट्री के संचालक पर इन अवैध गतिविधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि प्रशासन से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है. ग्रामीणों ने प्रशासन से अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने, ब्लास्टिंग बंद कराने और प्रभावित परिवारों को सुरक्षा व मुआवजा देने की मांग की है.