Indore: ईरान-इजरायल युद्ध के बीच दुबई में फंसे एमपी के नेता और उद्योगपति भारत लौट रहे, पहले पहुंचेंगे मुंबई फिर इंदौर के लिए होंगे रवाना

Indore News: ईरान-इजरायल युद्ध के चलते दुबाई में फंसे मध्‍य प्रदेश के कई नेता और उद्योगपति अब भारत लौट रहे हैं. सभी लोग पहले मुंबई पहुंचेंगे, इसके बाद फिर इंदौर के लिए रवाना होंगे.
MP leaders and industrialists stranded in Dubai

दुबई में फंसे एमपी के नेता और उद्योगपति

Indore News: ईरान-इजरायल युद्ध के चलते दुबाई में फंसे मध्‍य प्रदेश के कई नेता और उद्योगपति अब भारत लौट रहे हैं. लंबे समय से दुबई में रूके इन लोगों की सुरक्षित वापसी की प्रक्रिया शुरू हो गई है. सभी लोग पहले मुंबई पहुंचेंगे, इसके बाद फिर इंदौर के लिए रवाना होंगे.

दुबई में फंसे प्रमुख नाम सामने आए

जानकारी के मुताबिक दुबई में फंसे लोगों में इंदौर के पूर्व विधायक संजय शुक्ला, पूर्व विधायक विशाल पटेल, प्रवीण कक्कड़, उद्योगपति मनीष शाहरा, मनीष अग्रवाल, पिंटू छाबड़ा, गोलू पाटनी, उत्पल गोयल और आदित्य शर्मा सहित कई प्रमुख नाम शामिल हैं. ये सभी पिछले कुछ समय से दुबई में थे, लेकिन क्षेत्र में बढ़ते तनाव और युद्ध जैसे हालात के कारण वहीं फंस गए थे.

सोशल मीडिया पर लगाई गई थी मदद की गुहार

बताया जा रहा है कि दो दिन पहले पूर्व विधायक संजय शुक्ला ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक वीडियो जारी कर भारत सरकार से मदद की अपील की थी. वीडियो में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से हस्तक्षेप की मांग की थी. उन्होंने कहा था कि युद्ध के कारण दुबई के हालात लगातार खराब हो रहे हैं और वहां रहना जोखिम भरा होता जा रहा है, इसलिए जल्द से जल्द सुरक्षित निकासी सुनिश्चित की जाए.

भारतीय दूतावास के समन्वय से संभव हुई वापसी

सूत्रों के अनुसार भारतीय दूतावास और संबंधित एजेंसियों के समन्वय से इन सभी की वापसी संभव हो पाई है. सुरक्षा कारणों से पहले इन्हें दुबई से मुंबई लाया जा रहा है, जहां आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद ये इंदौर पहुंचेंगे.

परिजनों ने ली राहत की सांस

इंदौर में इनके परिजनों और समर्थकों ने राहत की सांस ली है. परिवारों का कहना है कि पिछले कई दिनों से वे लगातार संपर्क में थे, लेकिन युद्ध की स्थिति के कारण चिंता बनी हुई थी. अब सुरक्षित वापसी की खबर से सभी ने संतोष जताया है.

मध्य पूर्व में तनाव का असर

गौरतलब है कि ईरान-इजरायल संघर्ष के चलते मध्य पूर्व के कई इलाकों में अस्थिरता का माहौल बना हुआ है, जिसका असर दुबई सहित आसपास के क्षेत्रों में भी देखने को मिला है. फिलहाल सभी की सुरक्षित वापसी को लेकर प्रशासन और परिजन राहत महसूस कर रहे हैं.

ये भी पढे़ं- MP के क्लर्क और क्लास फोर्थ के कर्मचारियों से मांगी गई सालभर के कामकाज की रिपोर्ट, GAD ने ACS और PS को लिखा पत्र

ज़रूर पढ़ें