पर्यटकों को भाया मध्य प्रदेश! एक साल में 13 करोड़ से ज्यादा टूरिस्ट्स, उज्जैन बना पहली पसंद
कंदरिया महादेव मंदिर, खजुराहो
MP News: मध्य प्रदेश में एक साल के भीतर 13 करोड़ 41 लाख पर्यटकों ने यात्रा की. साल 2023 के मुकाबले करीब 20 प्रतिशत ज्यादा सैलानियों ने प्रदेश को निहारा. वहीं साल 2023 की तुलना में 19.6 फीसदी, 2019 से लगभग 50.6 प्रतिशत और 2020 की तुलना में 526 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है. पर्यटन विभाग के सचिव शिव शेखर शुक्ला ने बताया कि राज्य की सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक सुंदरता पर्यटकों को खूब भा रही है.
उज्जैन बना पहली पसंद
प्रदेश के धार्मिक स्थलों ने साल 2024 में 10.7 करोड़ पर्यटकों को आकर्षित किया. साल 2023 की तुलना में 21.9 फीसदी अधिक है. प्रदेश के शीर्ष 10 पर्यटन स्थलों में से 6 धार्मिक स्थल शामिल हैं. उज्जैन 7.32 करोड़ पर्यटकों के साथ इस सूची में सबसे आगे रहा. साल 2023 में 5.28 करोड़ पर्यटकों ने उज्जैन की यात्रा की थी.
चित्रकूट में भी 1 करोड़ से अधिक पर्यटक आए,जो वर्ष 2023 के 90 लाख की तुलना में 33 फीसदी ज्यादा है. मैहर में 1.33 करोड़, अमरकंटक में 40 लाख, सलकनपुर में 26 लाख और ओंकारेश्वर में 24 लाख पर्यटक पहुंचे. पर्यटन सचिव का कहना है कि महाकाल लोक, ओंकारेश्वर महालोक, श्रीराम वनगमन पथ, देवी लोक, राजा राम लोक, हनुमान जैसी परियोजनाओं ने धार्मिक पर्यटन को आध्यात्मिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाया है.
ये भी पढ़ें: Bhopal Metro: इस दिन से भोपाल को मिल सकती है मेट्रो की सौगात, PM मोदी करेंगे उद्घाटन
खजुराहो बना विदेशियों की पहली पसंद
साल 2024 में 1.67 लाख पर्यटकों ने मध्य प्रदेश की यात्रा की. खजुराहो विदेशी पर्यटकों की पहली पसंद बना. विश्व प्रसिद्ध खजुराहो में 33 हजार 131 विदेशी टूरिस्ट ने यात्रा की. ग्वालियर में 10 हजार 823 और ओरछा में 13 हजार 960 विदेशी पर्यटक पहुंचे. शहरी पर्यटन में भी विदेशी पर्यटकों की संख्या में वृद्धि हुई है, जिसमें इंदौर में 9,964 और भोपाल में 1,522 विदेशी पर्यटक शामिल हैं. बांधवगढ़ में 29 हजार 192, कान्हा में 19 हजार 148, पन्ना में 12 हजार 762 और पेंच में 11 हजार 272 विदेशी पर्यटक आए.