MP स्टेट बार काउंसिल का आज चुनाव, हजारों अधिवक्ता करेंगे मतदान; मैदान में 122 उम्मीदवार
File Photo.
MP News: मध्य प्रदेश के हजारों अधिवक्ता आज अपना नेतृत्व चुनेंगे. मध्य प्रदेश स्टेट बार काउंसिल के चुनाव के लिए आज प्रदेश भर में अधिवक्ता समुदाय मतदान करेगा. कार्यकारिणी के गठन के लिए आज सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा. इस बार चुनाव में प्रदेशभर के 87,441 अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. चुनाव के लिए पूरे प्रदेश में कुल 244 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं, जबकि 122 उम्मीदवार मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. वोटों की गिनती का काम 16 जून से शुरू होगा.
इस चुनाव में 18 पुरुष और 5 महिला उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा. इसके अलावा 2 महिला सदस्यों को बाद में को-ऑप्शन के जरिए मनोनीत किया जाएगा. इस प्रकार कुल 25 सदस्यीय नई कार्यकारिणी गठित होगी.
अधिवक्ताओं से परिचय पत्र साथ लाने की अपील
चुनाव को निष्पक्ष कराने के लिए मुख्य चुनाव अधिकारी, रिटायर्ड जस्टिस एसके पालो को बनाया गया है. जबलपुर के अधिवक्ता मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के साउथ ब्लॉक और जिला न्यायालय परिसर की बेसमेंट पार्किंग में मतदान करेंगे. मतदान के लिए अधिवक्ताओं से परिचय पत्र साथ लाने की अपील की गई है.
मुख्य चुनाव अधिकारी जस्टिस एसके पालो ने चुनाव के मप्र शासन में 9 शासकीय अधिवक्ताओं को सहायक मतदान अधिकारी बनाया है. मुख्यपीठ जबलपुर के लिए शासकीय अधिवक्ता अजय शुक्ला, सीएम तिवारी, मानस मणि वर्मा, इंदौर के लिए तरुण पगारे, राहुल सोलंकी, गौरव रावत और ग्वालियर के लिए सीपी सिंह, ब्रजेश त्यागी और कल्पना परमार को सहायक मतदान अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
चुनाव को लेकर युवा अधिवक्ताओं में नजर आया उत्साह
मध्य प्रदेश स्टेट बार काउंसिल का चुनाव युवा अधिवक्ताओं की सक्रियता के लिए चर्चा का विषय बना हुआ है. इस बार के चुनाव में युवा अधिवक्ताओं का उत्साह चरम पर देखने को मिला है. प्रदेश भर में युवा अधिवक्ता स्टेट बार काउंसिल के चुनाव में सक्रियता से अपनी भूमिका निभा रहे हैं. साथ ही इस बार के चुनाव में प्रचार प्रसार का तरीका भी पारंपरिक तरीकों से बेहद लग रहा है. अपने सीनियर अधिवक्ताओं की उम्मीदवारी को मजबूत करने के लिए युवा अधिवक्ताओं ने सोशल मीडिया के जरिए भी जमकर प्रचार प्रसार किया है. करीब 5 वर्ष की कम प्रैक्टिस वाले 9 युवा उम्मीदवारों ने सोशल मीडिया और व्यक्तिगत संपर्क के जरिए व्यापक प्रचार अभियान चलाया है