MP Super 100 Result 2026: MP ओपन स्‍कूल बोर्ड ने सुपर-100 प्रवेश परीक्षा का रिजल्‍ट किया जारी, मेधावी छात्रों के लिए बड़ा मौका

MP Super 100 Result: 15 अप्रैल 2026 को जारी इस रिजल्ट के साथ ही लंबे समय से इंतजार कर रहे हजारों विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को राहत मिली है.
Representative Image

सांकेतिक तस्‍वीर

Super 100 Result 2026: मध्य प्रदेश राज्य मुक्त स्कूल शिक्षा बोर्ड ने सुपर 100 प्रवेश परीक्षा 2026 का रिजल्ट घोषित कर दिया है. परीक्षा में शामिल हुए छात्र अब बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट mpsos.nic.in पर जाकर अपना परिणाम देख सकते हैं. 15 अप्रैल 2026 को जारी इस रिजल्ट के साथ ही लंबे समय से इंतजार कर रहे हजारों विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को राहत मिली है. चयनित छात्रों के लिए अब आगे की प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है.

प्रदेशभर में 22 मार्च को हुआ था परीक्षा का आयोजन

यह प्रवेश परीक्षा 22 मार्च 2026 को पूरे प्रदेश के जिला मुख्यालयों पर बनाए गए परीक्षा केंद्रों में आयोजित की गई थी. परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और इसमें केवल वही विद्यार्थी शामिल हुए, जो सरकारी स्कूलों में कक्षा 10वीं में पढ़ रहे हैं. इस परीक्षा का मुख्य उद्देश्य कक्षा 11वीं के लिए प्रतिभाशाली छात्रों का चयन करना है.

मेधावी छात्रों के लिए खास योजना

सुपर 100 योजना राज्य सरकार के स्कूल शिक्षा विभाग की एक अहम पहल है, जिसका मकसद आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन मेधावी छात्रों को बेहतर शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क तैयारी उपलब्ध कराना है. इस योजना के तहत चयनित विद्यार्थियों को उच्च गुणवत्ता वाला शैक्षणिक माहौल दिया जाता है, जिससे वे राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें.

भोपाल-इंदौर में मिलेगा प्रवेश

चयनित छात्रों को भोपाल और इंदौर स्थित दो उत्कृष्ट शासकीय विद्यालयों में कक्षा 11वीं में प्रवेश दिया जाएगा. इनमें शासकीय सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, भोपाल और शासकीय मल्हार आश्रम उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, इंदौर शामिल हैं. यहां छात्रों को नियमित पढ़ाई के साथ-साथ JEE और NEET जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की विशेष कोचिंग भी दी जाती है, जो देश के प्रतिष्ठित संस्थानों के माध्यम से कराई जाती है.

सीटें और आवेदन का आंकड़ा

इस योजना के तहत दोनों संस्थानों में JEE और NEET के लिए 76-76 सीटें निर्धारित हैं. इस वर्ष बड़ी संख्या में छात्रों ने आवेदन किया, जिसमें JEE के लिए 5,152 और NEET के लिए 5,011 आवेदन प्राप्त हुए. कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच चयन प्रक्रिया पूरी तरह मेरिट के आधार पर पारदर्शी तरीके से की गई है.

आगे की प्रक्रिया और जरूरी सूचना

अब चयनित छात्रों के लिए प्रवेश से जुड़ी विस्तृत जानकारी जल्द ही बोर्ड की वेबसाइट पर जारी की जाएगी. विद्यार्थियों और अभिभावकों को सलाह दी गई है कि वे नियमित रूप से वेबसाइट पर जाकर अपडेट चेक करते रहें.

ये भी पढे़ं- इंदौर में महापौर पास योजना हुई बंद, छात्रों को हर महीने 200 की जगह देने होंगे 600 रुपये

ज़रूर पढ़ें