एमपी की बेटियों की नहीं रुकेगी पढ़ाई, इस योजना के तहत सरकार दे रही आर्थिक सहायता, जानें कैसे करें अप्लाई
एमपी की बेटियों को मिलेगी आर्थिक सहायता
MP Saksharta Protsahan Yojana: मध्य प्रदेश सरकार प्रदेश की बेटियों को सशक्त बनाने पर लगातार जोर दे रही है. अक्सर देखा गया है कि ग्रामीण क्षेत्रों की बालिकाएं आर्थिक तंगी और अन्य समस्याओं के कारण अपनी पढ़ाई बीच में ही छोड़ देती हैं, जिससे उनका भविष्य प्रभावित होता है और वे केवल घर के कामकाज तक ही सीमित रह जाती हैं. खासकर आदिवासी समुदाय की लड़कियां. इसी को ध्यान में रखते हुए मोहन सरकार हाल ही में आदिवासी बालिकाओं को प्रोत्साहित करने के लिए ‘जनजातीय कन्या साक्षरता प्रोत्साहन योजना’ लेकर आई है. इस योजना के तहत उन आदिवासी बच्चियों को सरकार की ओर से आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी, जिन्होंने आर्थिक परेशानियों के कारण अपनी पढ़ाई छोड़ दी थी. आइए जानते हैं इस योजना के बारे में.
यह योजना क्या है और कितनी आर्थिक मदद मिलेगी?
इस योजना का मुख्य उद्देश्य आदिवासी छात्राओं को 11वीं कक्षा में पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रेरित करना है. इसके तहत जो भी छात्रा 10वीं पास करने के बाद 11वीं कक्षा में रेगुलर एडमिशन लेती है, उसे सरकार की तरफ से हर साल 3,000 रुपये की आर्थिक मदद दी जाती है. इस योजना की खास बात यह है कि सहायता राशि सीधे छात्रा के बैंक खाते में जमा की जाती है, ताकि वह बिना किसी परेशानी के अपनी किताबों और पढ़ाई का खर्च खुद उठा सके.
किसे मिलेगा इस स्कीम का लाभ?
- छात्रा का मध्य प्रदेश की मूल निवासी होना अनिवार्य है.
- वह अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग से हो.
- उसने 10वीं की परीक्षा पास कर ली हो और अभी 11वीं कक्षा में पढ़ाई कर रही हो.
- छात्रा का स्कूल में रेगुलर छात्र के रूप में एडमिशन होना चाहिए.
घर बैठे कैसे करें अप्लाई?
- आवेदन के लिए कहीं जाने की ज़रूरत नहीं है, छात्राएं खुद एमपी शिक्षा पोर्टल (MP Shiksha Portal) पर जाकर ऑनलाइन फॉर्म भर सकती हैं.
- सबसे पहले पोर्टल पर अपना मोबाइल नंबर दर्ज करें और ओटीपी (OTP) के ज़रिए अपनी eKYC की प्रक्रिया पूरी करें.
- इसके बाद अपनी समग्र आईडी और आधार कार्ड का नंबर सावधानी से भरें.
- अपनी पासपोर्ट साइज फोटो और स्कूल से जुड़े डॉक्यूमेंट्स को स्कैन करके अपलोड करें.
- फॉर्म में भरी गई सभी जानकारियों को एक बार फिर से जांच लें और फिर सबमिट (Submit) बटन पर क्लिक कर दें.