MP Weather Update: एमपी में दिन गर्म, रातें सर्द, 15 शहरों का तापमान 30 डिग्री के पार, जानिए आपके शहर का हाल
मौसम
MP Weather Update: मध्य प्रदेश के मौसम में अब बदलाव देखने को मिल रहा है. जहां दिन में गर्मी महसूस हो रही है तो वहीं रातें सर्द हो रही हैं. प्रदेश के 15 शहरों में मंगलवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया. भोपाल, दमोह, इंदौर, मंडला, छतरपुर जिले के खजुराहो, सागर, टीकमगढ़, गुना, बैतूल, खंडवा, धार, रायसेन, खरगोन और रतलाम में अधिकतम तापमान 30 डिग्री के पार रिकॉर्ड किया गया. प्रदेश का सर्वाधिक टेम्प्रेचर खरगोन और नर्मदापुरम में 31.4 डिग्री रहा.
पिछले 24 घंटे में मौसम कैसा रहा?
पिछले 24 घंटे में प्रदेश के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहा. ग्वालियर-चंबल संभागों के जिलों के अधिकतम तापमान में 2.3 से 2.4 डिग्री बढ़ोतरी दर्ज की गई. उज्जैन संभाग के जिलों में न्यूनतम तापमान में 3.6 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई.
कल्याणपुर सबसे ठंडा शहर
मध्य प्रदेश का सबसे ठंडा शहर शहडोल जिले का कल्याणपुर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. कटनी के करौंदी में 5.9 डिग्री, अनूपपुर के अमरकंटक में 7.8 डिग्री, छतरपुर के खजुराहो में 8.2 डिग्री और उमरिया एवं नर्मदापुरम में न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस मापा गया.
राज्य के पांच बड़े शहरों की बात करें तो इंदौर सबसे ठंडा रहा, जहां तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. ग्वालियर में 11.8 डिग्री, जबलपुर में 12.1 डिग्री, भोपाल में 12.8 डिग्री और उज्जैन में मिनिमम टेम्प्रेचर 13 डिग्री सेल्सियस रहा.
ये भी पढ़ें: MP News: फैशन डिजाइनर से धोखाधड़ी का मामला, जांच में पुलिस अधिकारी राजेश मिश्रा पर लगे आरोप पाए गए सही
आने वाले दिनों में एमपी का मौसम कैसा रहेगा?
- मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की है.
- IMD के मुताबिक प्रदेश के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहेगा.
- राजस्थान में साइक्लोनिक सर्कुलेशन और पंजाब में वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय है.
- इन दोनों सिस्टम की वजह से मध्य प्रदेश के मौसम में 13 फरवरी से बदलाव देखने को मिलेगा. सर्दी का एक और दौर आएगा.