Madhya Pradesh Weather Today: एमपी में गर्मी के बढ़े तेवर! खजुराहो में 43.2 डिग्री के साथ सीजन का सबसे गर्म दिन, कई जिलों में लू का अलर्ट
मौसम समाचार
Madhya Pradesh Weather News: मध्य प्रदेश में गर्मी ने अब अपने तीखे रूप दिखाने शुरू कर दिए हैं. शुक्रवार को इस सीजन में पहली बार तापमान 43 डिग्री के पार पहुंच गया. छतरपुर जिले के खजुराहो में अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान है. वहीं प्रदेश के नौ शहरों में पारा 42 डिग्री से ऊपर रहा, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा.
लू का अलर्ट जारी
मौसम विभाग भोपाल ने शनिवार के लिए 16 जिलों में हीट वेव यानी लू चलने की चेतावनी जारी की है. जिन जिलों में अलर्ट दिया गया है, उनमें अलीराजपुर, झाबुआ, रतलाम, धार, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना शामिल हैं. मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है.
स्कूलों का समय बदला
तेज गर्मी के कारण स्कूली बच्चों की परेशानी को देखते हुए कई जिलों में स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है. राजधानी भोपाल में अब स्कूल सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक संचालित होंगे. इसके अलावा नर्मदापुरम, ग्वालियर, बालाघाट, मैहर, रतलाम, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, रायसेन, डिंडौरी, अनूपपुर और उमरिया में भी नई समय-सारणी लागू की गई है.
कई शहरों में 42 डिग्री के पार तापमान
शुक्रवार को प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया गया. उमरिया में 42.9 डिग्री, टीकमगढ़-नौगांव में 42.8 डिग्री, मंडला में 42.5 डिग्री, दमोह, गुना और दतिया में 42.2 डिग्री तापमान रहा. वहीं सागर और सतना में 41.8 डिग्री, छिंदवाड़ा में 41.6 डिग्री और नर्मदापुरम-शाजापुर में 41.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया. बड़े शहरों में भी गर्मी का असर साफ दिखा, जहां जबलपुर में 42 डिग्री, भोपाल और ग्वालियर में 41.3 डिग्री, इंदौर में 40.6 डिग्री और उज्जैन में 40.5 डिग्री तापमान दर्ज हुआ.
ये भी पढे़ं- भोपाल में गर्मी को देखते हुए स्कूलों की टाइमिंग बदली, कलेक्टर ने दिया आदेश, दोपहर 12 बजे तक ही होंगे संचालित