नौतपा की भीषण गर्मी के बीच ओले गिरे, कई जिलों में हीट वेव और बारिश का भी अलर्ट; MP में प्री मानसून एक्टिविटी
दमोह में गुरुवार शाम बारिश के साथ ओले गिरने से लोगों को गर्मी से राहत मिली.
MP Weather Update: मध्य प्रदेश में नौतपा की भीषण गर्मी के बीच गुरुवार को आंधी-बारिश भी देखने को मिली. दमोह, सिंगरौली, भिंड समेत प्रदेश के कई जिलों में गुरुवार देर रात से ही बारिश और ओले देखे गए. इससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है. मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी प्री मानसून एक्टिविटी के संकेत दिए हैं. इससे कई जिलों में बारिश देखने को मिल सकती है. हालांकि केरल में मानसून का अनुमान गलत हो गया है. मानसून 4-5 दिन देरी से आ सकता है. इसके पहले केरल में 26 मई तक मानसून आने का अनुमान था.
खजुराहो लगातार 8वें दिन प्रदेश में सबसे गर्म
मध्य प्रदेश में गुरुवार को 10 जिलों में तापमान 45 डिग्री के पास या फिर इसके पार निकल गया. वहीं खजुराहो पिछले कई दिनों से लगातार प्रदेश का सबसे गर्म शहर बना हुआ है. गुरुवार को यहां अधिकतम तापमन 46. 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अलावा राजगढ़ में 46 डिग्री, दतिया में 45.7 डिग्री, नौगांव, दमोह-मलाजखंड में 45.5 डिग्री सेल्सियस पारा रहा. शुक्रवार को भी 6 जिलों में लू का अलर्ट है. हालांकि शाम होते ही मौसम बदलने के संकेत हैं.
शुक्रवार को मिला जुला रहेगा मौसम
25 मई से नौतपा की शुरुआत हुई थी. शुरुआती 4 दिनों में लगातार भीषण गर्मी का दौरा जारी है. आसमान से मानों आग बरस रही है. दिन में लू के थपेड़ों के बाद रात में भी तेज गर्मी देखने को मिल रही है. आलम ये है कि शाम को 6 बजे तक भी कई जगहों पर पारा 39 डिग्री के पास बना हुआ है.
हालांकि गुरुवार को कई जिलों में बारिश और ओले देखने को मिले हैं. मौसम विभाग ने शुक्रवार को 6 जिलो में लू का अलर्ट जारी किया है. इसके साथ ही शाम तक आंधी-बारिश की भी चेतावनी है. ग्वालियर, मुरैना, श्योपुर, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर में शुक्रवार को लू का अलर्ट है. लेकिन शाम होते ही यहां तेज हवाओं का दौर शुरू हो सकता है. गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है.