दिनभर तीव्र लू के बाद रात में भी तेज गर्मी, MP में खजुराहो-नौगांव सबसे गर्म; 22 जिलों में येलो अलर्ट, हीट स्ट्रोक के मरीज बढ़े
सांकेतिक तस्वीर.
MP Weather Update: मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर जारी है. आसमान मानो आग उगल रहा है. प्रदेश का खजुराहो और नौगांव एक बार फिर सबसे गर्म रहा. यहां पारा 45 के पार निकल गया. रविवार को 11 जिलों में ऑरेंज और 22 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. जबकि 37 जिलों में लोगों को तीव्र लू का सामना करना पड़ेगा. हीटवेव और भीषण गर्मी के कारण राजधानी भोपाल के अस्पतालों में हीट स्ट्रोक और उल्टी दस्त के मरीजों की संख्या बढ़ रही है.
11 जिलों में तीव्र लू का ऑरेंज अलर्ट
नौतपा शुरू होने से पहले ही भीषण गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश 4 जिलों में रेड अलर्ट, 11 जिलों में ऑरेंज और 22 जिलों में तीव्र लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. रेड अलर्ट वाले जिलों टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना और सतना में लोगों को खास तौर पर अलर्ट रहने की हिदायत दी गई है. यहां तापमान 45 डिग्री तक जा सकता है. इस दौरान भीषण गर्मी के साथ ही लू थपेड़े भी पड़ेंगे.
वहीं दतिया, निवाड़ी, सागर, दमोह, कटनी, मैहर, उमरिया, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इसके अलावा ग्वालियर, भिंड, मुरैना, श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, विदिशा, रायसेन, नरसिंहपुर, जबलपुर, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, शहडोल, राजगढ़, शाजापुर, आगर-मालवा, उज्जैन, नीमच, मंदसौर और रतलाम में येलो अलर्ट जारी किया गया है.
खजुराहो- नौगांव 10 दिनों से लगातार सबसे गर्म
प्रदेश के खजुराहो और नौगांव रविवार को एक बार फिर सबसे गर्म रिकॉर्ड किए गए. खजुराहो में 45.5 और नौगांव में 45.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. इसके अलावा टीकमगढ़ दमोह, शाजापुर और दतिया में पारा 44 डिग्री या फिर उसके पार निकल गया. बता दें प्रदेश में खजुराहो और नौगांव पिछले 10 दिनों में सबसे ज्यादा तापमान वाला शहर बना हुआ है. ये देश के सबसे ज्यादा भीषण गर्मी वाले इलाकों में से एक है.
MP के बड़े शहरों का तापमान
जबलपुर 44 ° C
ग्वालियर 43 ° C
उज्जैन 43 ° C
भोपाल 41.6 ° C
इंदौर 41 ° C
हीट स्ट्रोक के मरीजों की संख्या बढ़ी
देशभर में इस बार भीषण गर्मी देखी जा रही है. दुनिया के सबसे ज्यादा तापमान वाले 50 शहरों में अधिकतर भारत के ही हैं. उत्तर प्रदेश का बांदा दुनिया के टॉप 3 सबसे गर्म शहरों में से एक है. वहीं मध्य प्रदेश में इस महीने राजस्थान, विदर्भ और बुंदेलखंड के कई इलाकों से भी ज्यादा गर्मी पड़ रही है. गर्मी और तीव्र लू के कारण हीट स्ट्रोक के मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है. राजधानी भोपाल में अस्पतालों में उल्टी, दस्त के मरीजों की भीड़ दिखाई दे रही है. डॉक्टर्स की सलाह है कि दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच घर के बाहर निकलने से बचें.
गर्मी के कारण ट्रक में आग लगी
गर्मी का असर अब वाहनों और मोबाइल पर भी दिखने लगा है. विदिशा में भीषण गर्मी के कारण पेट्रोल पंप के सामने खड़े एक ट्रक में आग लग गई. ड्राइवर और क्लीनर ने कूदकर अपनी जान बचाई. गनीमत रही कि आग की लपटें पेट्रोल पंप तक नहीं पहुंची, नहीं तो बहुत बड़ा हादसा हो सकता था. वहीं गर्मी और तपिश के कारण लोगों के मोबाइल भी हीट करने लगे हैं. कई जगहों पर सड़कों डामर भी पिघलते दिखाई दे रहे हैं.
आने वाले दिन और भारी होंगे!
मौसम विभाग के मुताबिक 25 मई से नौतपा शुरू होगा. लेकिन उससे पहले ही गर्मी ने विकराल रूप ले लिया है. तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया है. ऐसे में 25 से 2 जून के बीच तापमान 47 डिग्री पहुंचने की उम्मीद है. हालांकि इस बार मानसून जल्दी पहुंचने की उम्मीद है. केरल में सामान्य दिनों यानी एक जून से पहले 26 मई को ही मानसून दस्तक दे देगा. अगर मध्य प्रदेश की बात करें तो यहां 15 जून या उससे पहले मानसून आ जाता है. लेकिन इस बार 12 जून के पहले ही यहां मानसून पहुंचने की संभावना है.
ये भी पढे़ं: ट्विशा शर्मा केस: भोपाल एम्स में आज दोबारा होगा पोस्टमार्टम, दिल्ली AIIMS से पहुंची है टीम