BRICS Summit: ‘ब्रिक्स देशों के पास दुनिया के 68 परसेंट किसान’, सम्मेलन से पहले CM मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह की PC
ब्रिक्स सम्मेलन को लेकर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की.
Indore BRICS summit: ब्रिक्स देशों के 18वें शिखर सम्मेलन की अध्यक्षता इस बार भारत कर रहा है. इंदौर में आयोजित होने वाले इस आयोजन में ब्रिक्स देशों और उनके सहयोगी देशो के कृषि मंत्री और अधिकारी शामिल होंगे. बैठकों का आयोजन 9 जून से 13 जून तक होगा. इसमें 9 जून से 11 जून तक अधिकारी स्तर की मीटिंग होगी. जबकि 12 और 13 जून को ब्रिक्स देशों के कृषि मंत्रियों के बीच बैठक होगी. इसके पहले तैयारियों का जायजा लेने के लिए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव इंदौर पहुंचे. दोनों नेताओं ने मीटिंग के बाद जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की.
‘ब्रिक्स देशों के पास दुनिया 68 परसेंट किसान’
जाइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, ‘ब्रिक्स की अध्यक्षता भारत को मिली है. ब्रिक्स संगठन में जितने देश हैं, उनमें दुनिया की आधी आबादी आती है. 21 देशों के कृषि समूह की बैठक इंदौर में संपन्न होने वाली है. दिल्ली में ओवरऑल बैठक होगी. लेकिन कृषि पर चर्चा करने के लिए मां अहिल्यादेवी की धरती इंदौर का चयन हुआ है. यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है. दुनिया की 42 परसेंट कृषि भूमि इन देशों के पास है. 68 प्रतिशत किसान इन देशों के पास है. पूरी दुनिया में इन देशों का उत्पादन 42 परसेंट हैं.
‘कम पानी और ज्यादा तापमान में उगने वाली फसलें चाहिए’
शिवराज सिंह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में कृषि से जुड़े कुछ प्रमुख विषयों पर चर्चा होगी. इनमें खाद्य सुरक्षा, जलवायु स्मार्ट कृषि, किसान का कल्याण, डिजिटिल कृषि फार्मिंग और एआई तकनीक जैसे विषय शामिल हैं.
चौहान ने आगे कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में दुनिया को भरपूर मात्रा में भोजन मिलता रहे, यह हमारे लिए जरूरी है. दुनिया में बढ़ते तापमान के कारण नए तरह का संकट खड़ा हो गया है. हमको ऐसी फसलों की वैराइटी चाहिए, जो कम पानी और ज्यादा तापमान में भी उग सके. देशों के बीच में कृषि व्यापार कैसे आसान हो इस पर भी बात होगी. किसान कल्याण के लिए रास्ते देखे जाएंगे. किसान आसानी से अपनी आजीविका कैसे चला सकें, इस पर भी बात की जाएगी. इन विषयों पर चर्चा के बाद हम जिस नतीजे पर पहुंचेंगे, तो उसकी घोषणा करेंगे.
9 जून से शुरू होंगी मीटिंग
केंद्रीय मंत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि 9, 10, 11 जून को अधिकारी स्तर पर बैठक होगी. 12 और 13 जून को ब्रिक्स देशों के कृषि मंत्री इंदौर की धरा पर आएंगे.
रविवार को हुई बैठक को लेकर केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि आज की बैठक अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक है. भोजन का कोई विकल्प नहीं है. इंदौर अद्भुत रूप से कार्यक्रम को संपन्न करेगा. विदेशी मेहमान यहां रात्रि भोज भी करेंगे. राजवाड़ा, जैसे ऐतिहासिक स्थल देखेंगे. ग्रामीण हार्ट देखें. मालवा और मध्य प्रदेश की प्रदर्शनियों से परिचित होंगे. वे 56 दुकान ना जाएं तो ये भी सही नहीं हैं. यहां भ्रमण करके हमारे परंपरागत स्वागत का भी आनंद लें, ये हमारी कोशिश होगी.
‘इंदौर में आयोजन होना हमारे लिए सौभाग्य की बात’
वहीं ब्रिक्स समिट के इंदौर में आयोजित होने के लिए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को धन्यवाद दिया है. उन्होंने कहा, ‘कृषि के साथ आय बढ़ाने के साधन बढ़ाने होंगे. ब्राजील में दुग्ध उत्पादन, कृषि कल्याण वर्ष भी चल रहा है. ये हमारे लिए सौभाग्य की बात है. ये बड़ा आयोजन हो रहा है. मैं केंद्रीय मंत्री का आभार जताता हूं कि उनके कारण ये आयोजन हो रहा है.’
ये भी पढे़ं: ‘मैंने तो दो चमाट ही बोला, आप क्या करते?’ थप्पड़ मारने वाला असिस्टेंट ढूंढने वाली महिला अधिकारी की सफाई