भोपाल में कांग्रेस दफ्तर के बाहर बीजेपी का प्रदर्शन, पीसी शर्मा बोले- पुलिस कार्रवाई करे, नहीं तो पूरे शहर में दंगा होगा
भोपाल में भाजपा का प्रदर्शन
Bhopal News: भोपाल में कांग्रेस कार्यालय के बाहर भाजपा के कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में इकट्ठा होकर प्रदर्शन किया. भाजपा युवा मोर्चा के प्रदर्शन में स्थिति तनावपूर्ण तब हो गई जब कार्यकर्ता बेरीकेड तोड़कर कांग्रेस कार्यालय के सामने पहुंच गए. कांग्रेस कार्यालय के गेट के बाहर भाजपा के कार्यकर्ता इकट्ठा हो गए तो वहीं कार्यालय के अंदर कांग्रेस के कार्यकर्ता इकट्ठा हो गए. दोनों तरफ से जमकर नारेबाजी होने लगी और विवाद इतना बढ़ गया कि लाठी डंडे और ईंट, पत्थर चलने लग गए.
धरने पर बैठे कांग्रेस कार्याकर्ता
घटना के बाद तनावपूर्ण कांग्रेस कार्यालय के बाहर स्थिति हो गई. पुलिस ने सभी भाजपा कार्यकर्ताओं को समझाकर कार्यालय के बाहर से हटाया. वहीं कांग्रेस के कार्यकर्ता और नेता सड़क पर धरने पर बैठ गए. कांग्रेस ने आरोप लगाया कि पुलिस की मौजूदगी में कांग्रेस कार्यालय में हमला हुआ है. फिलहाल कांग्रेस और भाजपा के बीच हुई इस झड़प को लेकर पुलिस ने किसी भी प्रकार का बयान नहीं दिया है.
कांग्रेस इस पूरे घटनाक्रम पर भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग कर रही है. इस घटना के बाद से ही कांग्रेस कार्यालय के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है.
पुलिस कार्रवाई करे, नहीं तो पूरे शहर में दंगा होगा – पीसी शर्मा
भाजपा के प्रदर्शन पर पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने कहा कि कांग्रेस कार्यालय में हमला करने वालों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई करें नहीं तो पूरे शहर में दंगा होगा. उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस की वर्षों तक सरकार रही लेकिन हम कभी बीजेपी कार्यालय नहीं गए. इस तरह की गुंडई बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
पीसी शर्मा ने कहा कि पुलिस ने इस झड़प पर किसी प्रकार का बयान नहीं दिया है. उनका कहना है कि पुलिस मामले में कुछ भी कहने से बच रही है और एडिशनल डीसीपी, एसीपी सब मामले पर चुप्पी साधे हुए हैं.
ये भी पढे़ं- इंदौर में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे पर पत्थरबाजी की, पुलिस ने किया वाटर कैनन का इस्तेमाल, कई घायल