Bhopal News: भोपाल में ईरानी डेरे पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 39 आरोपी गिरफ्तार; इनामी बदमाश समेत 8 महिलाएं शामिल
पुलिस कॉन्फ्रेंस
Bhopal News: भोपाल पुलिस ने राजधानी में कांबिंग गश्त अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है. यह कार्रवाई 10 और 11 फरवरी की दरमियानी रात हुई. इसे लेकर भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे ऑपरेशन की विस्तृत जानकारी दी. प्रेस ब्रीफ करते हुए पुलिस कमिश्नर ने बताया कि इस स्पेशल कांबिंग ऑपरेशन में 400 पुलिस कर्मचारी और अधिकारी शामिल थे, जो देर रात कार्रवाई करने ईरानी डेरे में दाखिल हुए थे.
39 आरोपियों को डेरे से गिरफ्तार किया
इस पूरी कार्रवाई में पुलिस के हाथ एक बड़ा कुख्यात अपराधी भी लगा, जिसे ईरानी डेरे से गिरफ्तार किया गया. पुलिस कमिश्नर ने बताया कि कुल 39 आरोपियों को डेरे से गिरफ्तार किया गया है. इनमें 4 आरोपियों के खिलाफ स्थायी वारंट था. शहदात नाम के शातिर अंतरराज्यीय आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया. शहदात नाम के इस खूंखार आरोपी के खिलाफ प्रतापगढ़ में एक अपराध और राजगढ़ में तीन अपराध दर्ज हैं. चारों मामलों में आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था.
पुलिस ने 644 ग्राम सोना और 1 किलो 700 ग्राम गांजा किया बरामद
डेरे से गिरफ्तार 39 आरोपियों में 31 पुरुष और 8 महिलाएं शामिल हैं. पुलिस की कार्रवाई के दौरान 644 ग्राम सोना जब्त किया गया. इसके साथ ही 1 किलो 700 ग्राम गांजा भी बरामद किया गया. कार्रवाई में 1 लाख 35 हजार रुपए नकद भी जब्त किए गए हैं. भोपाल पुलिस कमिश्नर ने कहा कि यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी. ईरानी डेरे को अपराध मुक्त करने के लिए पुलिस प्रतिबद्ध है.
मामले में 121 जमानती वारंटियों पर भी कार्रवाई
वहीं इसके साथ ही अन्य 283 स्थायी और 125 गिरफ्तारी वारंटी समेत कुल 408 आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया. इनमें अलग-अलग अपराधों में फरार आरोपी ज्यादातर शामिल हैं. पुलिस कमिश्नर ने बताया कि गंभीर मामलों में फरार आरोपी, जिला बदर, पूर्व वाहन चोर और नकबजन समेत 21 अन्य मामलों में कार्रवाई हुई है. 121 जमानती वारंटियों पर भी कार्रवाई की गई है. कार्रवाई में 5 पूर्व वाहन चोर पुलिस द्वारा पकड़े गए. 2 पूर्व नकबजन भी पकड़े गए हैं, जिनसे पूछताछ की जा रही है. 4 जिला बदर आरोपी भी पकड़े गए हैं. 8 ऐसे अपराधी पकड़े गए हैं, जिन पर गंभीर अपराध दर्ज हैं. 66 निगरानी बदमाशों को कांबिंग गश्त के दौरान चेक कर उनसे पूछताछ की गई है.
ये भी पढे़ं- MP News: भोपाल पुलिस कमिश्नर की बड़ी कार्रवाई, देर रात ईरानी डेरे पर कॉम्बिंग गश्त, 400 पुलिसकर्मी तैनात