Indore: रंगपंचमी गेर से पहले इंदौर में तैयारियां तेज, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए राजवाड़ा समेत कई जगह लगाए CCTV कैमरे
रंगपंचमी गेर इंदौर
Indore News: 8 मार्च रविवार को इंदौर में निकलने वाली रंगपंचमी की पारंपरिक गेर को देखते हुए नगर निगम और प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. गेर मार्ग को सुचारु और सुरक्षित बनाने के लिए कई स्तरों पर काम किया जा रहा है. जहां सड़कों पर मरम्मत की जरूरत है वहां पेचवर्क किया जा रहा है, वहीं मार्ग पर अव्यवस्थित रूप से लटके केबल और तारों को भी व्यवस्थित किया जा रहा है. इसके साथ ही गेर मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए अलग-अलग स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जा रहे हैं.
गेर मार्ग पर चल रहा विशेष अभियान
नगर निगम द्वारा गेर के मार्ग पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है ताकि आयोजन के दौरान किसी तरह की बाधा न आए. निगम की टीम रास्ते में अनावश्यक रूप से लटके केबल और तारों को हटाने के साथ उन्हें व्यवस्थित करने का काम कर रही है, जिससे गेर निकलते समय भीड़ और वाहनों की आवाजाही में किसी प्रकार की परेशानी न हो.
केबल और तारों को किया जा रहा व्यवस्थित
इसी क्रम में विजय चाट हाउस चौराहे से लेकर सराफा थाना क्षेत्र तक जहां-जहां केबल नीचे लटके हुए थे या बेतरतीब तरीके से फैले हुए थे, उन्हें ठीक कर दिया गया है. इसके अलावा गेर मार्ग के अन्य हिस्सों में भी निरीक्षण कर अनावश्यक केबलों को हटाने की कार्रवाई की जा रही है.