Vistaar NEWS

‘जब हम जवान थे तो लोधी समाज के 2 मुख्यमंत्री थे, आज जीरो हैं’, प्रीतम लोधी बोले- कल्याण सिंह और उमा भारती को मिले भारत रत्न

BJP MLA Pritam Lodhi (File Photo)

बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी(File Photo)

Preetam Lodhi: पिछले कुछ दिनों से विवादों से घिरे मध्य प्रदेश के बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी मंगलवार को भोपाल के जंबूरी मैदन में आयोजित लोधी सम्मेलन में पहुंचे. यहां उन्होंने संबोधित करते हुए लोधी समाज से मुख्यमंत्री की बात कही. जो काम इस देश में लोधी समाज के मुख्यमंत्रियों ने किया है, वो किसी ने नहीं किया है.

‘जब हम जवान थे तो लोधी समाज से दो-दो मुख्यमंत्री हुआ करते थे’

भाजपा विधायक प्रीतम लोधी ने कहा, ‘जब हम जवान हुआ करते थे तो लोधी समाज से दो-दो मुख्यमंत्री हुआ करते थे. आज जीरो हैं. लोधी समाज से देश में एक मुख्यमंत्री तो होना ही चाहिए. जब एक देश, एक कानून, एक विधान, एक हिंदुस्तान हो सकता है तो एक क्या लोधी समाज से एक मुख्यमंत्री नहीं हो सकता है.’

‘धर्मेंद्र को भारत रत्न मिल सकता है तो कल्याण सिंह को क्यों नहीं’

प्रीतम लोधी ने आगे कहा, ‘उमा भारती ने की तिरंगे के सम्मान के लिए कुर्सी छोड़ दी थी. कल्याण सिंह जी ने राम मंदिर के लिए कुर्सी त्याग दी थी. ये सिर्फ लोधी समाज ही कर सकता है और कोई नहीं कर सकता है. जब हेमा मालिनी के धर्मेंद्र को भारत रत्न मिल सकता है तो कल्याण सिंह को मिलना चाहिए.’

बता दें प्रीतम लोधी पिछले कुछ दिनों से विवादों में हैं. विधायक के बेटे के सड़क पर कार चढ़ाने के बाद उनका एसडीओपी को धमकी देने का बयान काफी वायरल हुआ था. इसमें वो अधिकारी को खुलेआम धमकी देते हुए नजर आए थे. हालांकि मामले के तूल पकड़ने के बाद पार्टी ने उनसे जवाब मांगा था. जिसके बाद विधायक ने कहा था कि गलती होती है तो पार्टी समझाती है. ऐसा कुछ भी नहीं करूंगा, जिससे पार्टी को नुकसान हो. बता दें मंगलवार को भोपाल के जंबूरी मैदान में लोधी समाज का सम्मेलन आयोजित किया गया. इसमें मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती समेत तमाम दिग्गज नेताओं ने शिरकत की.

ये भी पढे़ं: ‘आरक्षण तब तक नहीं खत्म किया जा सकता, जब तक…’, उमा भारती ने रिजर्वेशन को ‘तीसरी आजादी’ की जरूरत बताया

Exit mobile version