Vistaar NEWS

Mauganj: मऊगंज में PIT-NDPS एक्ट की पहली कार्रवाई, आरोपी को गिरफ्तार करके भेजा जेल

The accused was arrested and sent to jail.

आरोपी को गिरफ्तार करके भेजा जेल

Mauganj News: मऊगंज जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. ऑपरेशन प्रहार 2.0 के तहत जिले में पहली बार PIT-NDPS एक्ट के अंतर्गत निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए दिनेश उर्फ ददोल उर्फ ददोली साकेत को एक वर्ष की अवधि के लिए निरुद्ध करने का आदेश जारी किया गया है.

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर केंद्रीय जेल भोपाल भेजने के लिए रवाना कर दिया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी के विरुद्ध जिले के विभिन्न थानों में कुल 22 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं. इस कार्रवाई को जिले में मादक पदार्थों से जुड़ी आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

निरोधात्मक कार्रवाई के दायरे में आया आरोपी

पुलिस के अनुसार, 45 वर्षीय दिनेश उर्फ ददोल उर्फ ददोली साकेत निवासी ग्राम बहेरी नानकार, थाना मऊगंज के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट, ड्रग कंट्रोल एक्ट और आबकारी एक्ट सहित विभिन्न कानूनों के तहत मामले दर्ज हैं. इसके अलावा मारपीट, धमकी, संपत्ति संबंधी अपराधों और अन्य आपराधिक गतिविधियों से संबंधित प्रकरण भी उसके आपराधिक रिकॉर्ड में शामिल हैं. पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध दर्ज मामलों और मादक पदार्थों से जुड़ी गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए कठोर वैधानिक कार्रवाई का प्रस्ताव तैयार किया.

पुलिस अधीक्षक के प्रतिवेदन पर शुरू हुई प्रक्रिया

पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत द्वारा संचालित ऑपरेशन प्रहार 2.0 के अंतर्गत पुलिस उपमहानिरीक्षक रीवा रेंज हेमंत चौहान के मार्गदर्शन और पुलिस अधीक्षक मऊगंज सुरेंद्र कुमार जैन के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई.

पुलिस अधीक्षक ने आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड एवं संबंधित तथ्यों के आधार पर PIT-NDPS एक्ट के तहत निरोधात्मक कार्रवाई के लिए कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी मऊगंज को विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया. प्रतिवेदन और उपलब्ध अभिलेखों के परीक्षण के बाद कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रस्ताव आयुक्त रीवा संभाग को भेजा.

संभागायुक्त के आदेश पर केंद्रीय जेल भोपाल भेजने की कार्रवाई

प्रकरण में निर्धारित वैधानिक प्रक्रिया के बाद आयुक्त रीवा संभाग ने आरोपी को एक वर्ष की अवधि के लिए निरुद्ध करने और केंद्रीय जेल भोपाल में रखे जाने संबंधी आदेश जारी किया. आदेश के पालन में पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस टीम गठित की गई. थाना प्रभारी मऊगंज निरीक्षक अजय खोब्रागड़े के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर अभिरक्षा में लिया और केंद्रीय जेल भोपाल भेजने के लिए रवाना किया.

ऑपरेशन प्रहार 2.0 से नशे के कारोबार पर शिकंजा कसने का संदेश

मऊगंज पुलिस के अनुसार, अवैध मादक पदार्थों के संग्रहण, परिवहन और विक्रय पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना तथा ऐसे अपराधों की पुनरावृत्ति रोकना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है. PIT-NDPS एक्ट के तहत जिले में हुई पहली कार्रवाई को इसी दिशा में अहम कदम माना जा रहा है. पुलिस का कहना है कि अवैध नशे के कारोबार और उससे जुड़ी आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध कानून के तहत कार्रवाई जारी रहेगी.

ये भी पढे़ं- ‘पत‍ि नहीं जेवर चाहिए…’, दो भैंसों के इंतजार में टूटा परिवार, पत्नी बोली- सरकारी योजना में भैंस मिलने की उम्मीद थी

Exit mobile version