MP News: चित्रकूट उपवनमण्डल क्षेत्र के मझगवां वन परिक्षेत्र अंतर्गत 03 अक्टूबर की देर रात बीट कररिया के बिछियन गांव में जमीन पर चल रहे ट्रैक्टर को मंझगवा वन विभाग की टीम ने पकड़कर जब्त कर लिया था. इस कार्रवाई के विरोध में चित्रकूट विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार आज वन विभाग के मझगवां वन परिक्षेत्र कार्यालय पहुंचे और ट्रैक्टर को छुड़ाने के लिए धरने पर बैठ गए.
विधायक सुरेंद्र सिंह धरने पर बैठे
विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार का स्पष्ट कहना है कि जिस जमीन पर ट्रैक्टर चल रहा था, वह वन विभाग की नहीं है और जब तक ट्रैक्टर को छोड़ा नहीं जाएगा, तब तक वह धरने से नहीं हटेंगे. इसके साथ ही विधायक ने आरोप लगाया कि चित्रकूट में जंगल विभाग की जमीन की बिक्री हो चुकी है, जिस पर वन विभाग कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है. दूसरी ओर, वन विभाग का दावा है कि जब्त की गई जमीन वन विभाग के अधीन ही आती है, जिसके तहत ट्रैक्टर को जब्त कर नियमनुसार कार्रवाई की गई है.
कौन है सुरेंद्र सिंह गहरवार
सुरेंद्र सिंह गहरवार मध्य प्रदेश के चित्रकूट विधानसभा से भाजपा के वर्तमान विधायक हैं. साल 2008 में सुरेंद्र सिंह ने भाजपा को पहली बार चित्रकूट में जीत दिलाई थी. इसके बाद साल 2013 में कांग्रेस के प्रेम सिंह ने विधानसभा में परचम लहराया था. वहीं बाद में उनका निधन हो गया जिसके बाद उपचुनाव हुए लेकिन इस बार भाजपा ने सुरेंद्र सिंह का टिकट काट दिया.
2018 में सुरेंद्र सिंह एक बार फिर कांग्रेस के नीलांशु चतुर्वेदी से हार गए. लेकिन साल 2023 के विधानसभा चुनाव में सुरेंद्र सिंह गहरवार ने चित्रकूट में एक बार फिर भाजपा का परचम लहराया और वे विधायक बने. इससे पहले सुरेंद्र सिंह सतना जिला पंचायत के उपाध्यक्ष पद पर भी रह चुके हैं.
ये भी पढे़ं- चित्रकूट का प्रसिद्ध रामघाट फिर से डूबा, खतरे के निशान के पास पहुंची मंदाकिनी, रात भर जागते रहे दुकानदार
