मैहर में BJP सांसद और पूर्व मंत्री की मौजूदगी में मारपीट, मोदी सरकार के 12 साल पूरा होने पर हुआ था कार्यक्रम
ताला थाने में शिकायत करने पहुंचे BJP नेता.
MP News: मैहर जिले में केंद्र सरकार के 12 साल पूरा होने पर बीजेपी के ‘जन चौपाल’ कार्यक्रम में नेताओं के बीच मारपीट का मामला सामने आया है. शुक्रवार को ताला मंडल स्थित हेरिटेज रिसॉर्ट में कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. आरोप है कि पूर्व मंत्री रामखेलावन पटेल के भाई विजय पटेल ने कार्यक्रम का संचालन कर रहे मंडल महामंत्री मनीष चतुर्वेदी के साथ मंच पर ही मारपीट की. इस दौरान सांसद गणेश सिंह, पूर्व मंत्री रामखेलावन पटेल समेत भाजपा के कई सीनियर लीडर मंच पर ही मौजूद थे.
मंच पर नाम ना लेने और जगह ना मिलने से हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि कार्यक्रम के दौरान मंच से विभिन्न पदाधिकारियों के नाम लिए गए, लेकिन विजय पटेल और उनकी पत्नी तारा विजय पटेल का नाम नहीं लिया गया. साथ ही उन्हें मंच पर बैठने के लिए स्थान भी नहीं मिला, जिससे वे नाराज हो गए. इसी बात से आक्रोशित होकर वे मंच पर पहुंचकर मनीष चतुर्वेदी से भिड़ गए.
कॉलर पकड़कर घसीटा, गाली-गलौज किया
आरोप है कि विजय पटेल ने मनीष चतुर्वेदी की कॉलर पकड़कर गाली-गलौज करते हुए हाथापाई की. विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और थप्पड़ चलने की स्थिति बन गई. इसके बाद मौके पर मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामले को शांत कराया.
घटना को लेकर थाने में की शिकायत
वहीं घटना के बाद महामंत्री मनीष चतुर्वेदी ने ताला थाने में शिकायत आवेदन सौंपा है. इस दौरान बड़ी संख्या में चतुर्वेदी के समर्थक कार्यकर्ता भी थाने पहुंचे थे. पुलिस मामले की जांच कर रही है. पुलिस का कहना है जांच के बाद अगर आरोप सही पाए गए तो आगे की कार्रवाई की जाएगी. वहीं पूर्व मंत्री के भाई ने वीडियो जारी कर मारपीट की घटना से इनकार किया है, उन्होंने आरोपों को बेबुनियाद और राजनीति से प्रेरित बताया है. वहीं घटना के बाद सियासी गलियारों में सतना बीजेपी में गुटबाजी की चर्चा तेज हो गई है.
ये भी पढ़ें: आखिरी सांस तक घर की हिफाजत करता रहा कुत्ता, नाकाम होने पर चोरों ने गला घोंटकर मार डाला