आखिरी सांस तक घर की हिफाजत करता रहा कुत्ता, नाकाम होने पर चोरों ने गला घोंटकर मार डाला
File Photo.
Satna News: इंसानों की इस दुनिया में कुत्ते को सबसे वफादार जानवर माना जाता है. सतना में एक कुत्ते ने एक बार फिर इस बात को साबित कर दिया. पवेलियन डॉग ने अपनी जान गंवा दी लेकिन घर में चोरी नहीं होने दी. अपनी आखिरी सांस तक चोरों से लड़ता रहा. चोर आधी रात में चोरी करने के लिए एक घर में घुसे थे. लेकिन चोरों को देखते ही कुत्ते ने भौंकना शुरू कर दिया. इसके बाद जब चोरों ने कुत्ते पर हमला किया तो वह चोरों से भिड़ गया. बदमाश घर में चोरी करने में तो कामयाब नहीं हो पाए, लेकिन उन्होंने कुत्ते का गला घोंटकर मार डाला.
घरवाले सुबह उठे तो कुत्ता मरा हुआ पड़ा मिला
पूरा मामला सिटी कोतवाली क्षेत्र स्थित प्रेम विहार का है. यहां रहने वाले नितिन यादव यादव ने अपने घर में एक पवेलियन डॉग पाला हुआ था. कुत्ता घर में परिवार के एक सदस्य की तरह ही रहता था. परिवार के लोग भी कुत्ते की पूरी देखभाल करते थे.
शुक्रवार देर रात परिवार के सभी लोग सो रहे थे. तभी दीवार फांदकर चोर घर में दाखिल हुए. चोरों को देखते ही कुत्ते ने भौंकना शुरू कर दिया और उनसे भिड़ गया. जिसके बाद चोरों ने कुत्ते का गला घोंटकर मार डाला. लेकिन कुत्ते की भौंकने की आवाज सुनकर घरवाले जग गए और उन्होंने घर की लाइट ऑन कर दी. लाइट जलते ही चोर डर गए और फौरन वहां से भाग गए. जब नितिन के घरवालों ने बाहर निकलकर देखा तो उन्हें कोई दिखाई नहीं दिया. इसके बाद उन्होंने कुत्ते पर ध्यान नहीं दिया और वापस सो गए. सुबह उठकर देखा तो कुत्ता मरा पड़ा था और आसपास के गमले टूटे पड़े थे. जिसके बाद उन्हें एहसास हो गया कि देर रात जब कुत्ते ने भौंका था तो चोर घर में थे.
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
नितिन ने पूरी घटना की सूचना पुलिस को दे दी है. आशंका जताई जा रही है कि विरोध करने पर चोरों ने कुत्ते को मौत के घाट उतार दिया. फिलहाल पुलिस सीसीटीवी खंगाल रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान करके उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
ये भी पढे़ं: रीवा: चॉकलेट का लालच देकर मासूम के साथ की दरिंदगी, 100 CCTV खंगालकर पुलिस ने दबोचा