Vistaar NEWS

सीधी में आधी रात सड़क पर ‘दंगल’, कार और बाइक से पहुंचे लोग, फिर जमकर बरसाए लाठी-डंडे

Lathis and sticks were wielded at the intersection.

चौराहे पर चले लाठी-डंडे

MP News: सीधी शहर के गांधी चौराहे के पास सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात उस समय हड़कंप मच गया, जब दो गुटों के बीच सार्वजनिक स्थान पर जमकर मारपीट हुई. घटना सोमवार रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है, जिसका वीडियो मंगलवार सुबह करीब 9 बजे सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा. वीडियो में दोनों पक्ष एक-दूसरे के साथ हाथ-मुक्कों के अलावा लाठी-डंडों से मारपीट करते नजर आ रहे हैं.

कार और बाइक से पहुंचे लोग, सड़क पर हुआ विवाद

वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि कुछ लोग कार से उतरकर मारपीट में शामिल हो रहे हैं, जबकि कुछ लोग बाइक से मौके पर पहुंचते दिखाई दे रहे हैं. सड़क पर दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक विवाद और मारपीट होती नजर आती है. इस दौरान कुछ लोग बचाव करते हुए भी दिखाई दे रहे हैं, जबकि कुछ लोग लगातार दूसरे पक्ष पर हमला करते नजर आ रहे हैं. सार्वजनिक स्थल पर हुई इस घटना से आसपास मौजूद लोगों में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

मारपीट की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं

हालांकि, दोनों गुटों के बीच मारपीट आखिर किस बात को लेकर शुरू हुई, इसका फिलहाल स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है. घटना की जानकारी स्थानीय लोगों द्वारा कोतवाली पुलिस को दी गई. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही मारपीट में शामिल लोग मौके से फरार हो गए.

वायरल वीडियो के आधार पर लोगों की पहचान में जुटी पुलिस

मामले को लेकर थाना प्रभारी कोतवाली दिव्य प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि सार्वजनिक स्थल पर इस प्रकार मारपीट की घटना बेहद चिंता का विषय है. उन्होंने कहा कि यदि किसी भी पक्ष की ओर से आवेदन दिया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस वायरल हो रहे वीडियो के आधार पर घटना की जांच कर रही है और वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.

गांधी चौराहे पर आधी रात की घटना से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

गांधी चौराहे जैसे शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थल पर आधी रात को हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. अब पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और मारपीट में कौन-कौन लोग शामिल थे.

ये भी पढे़ं- ‘पहले रेस्क्यू करते तो नहीं जाती जान…’, मखना हाथी की मौत पर भड़के पूर्व विधायक बोले- 6 महीने से घूम रहे थे हाथी

Exit mobile version