Mauganj News: मऊगंज जिले मे कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कथित अपमान के विरोध में शुक्रवार शाम मऊगंज में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया. जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सड़क पर उतरे और कांग्रेस कार्यालय से चाक मोड़ तक पैदल मार्च निकालकर सत्याग्रह किया. प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और कथित दुर्व्यवहार को लेकर अपना आक्रोश जताया.
चाक मोड़ तक गूंजे विरोध के नारे
शाम करीब 5 बजे जिला कांग्रेस कार्यालय से शुरू हुआ पैदल मार्च शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए चाक मोड़ पहुंचा. हाथों में पार्टी के झंडे और नारों के साथ कार्यकर्ताओं ने खड़गे के कथित अपमान पर विरोध दर्ज कराया। कार्यकर्ताओं ने मांग उठाई कि इस पूरे मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए.
बन्ना बोले-सम्मान से समझौता नहीं
प्रदर्शन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल पूर्व विधायक सुखेंद्र सिंह बन्ना ने कहा कि राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन किसी वरिष्ठ राष्ट्रीय नेता की गरिमा और सम्मान को ठेस पहुंचाना लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस सामाजिक समानता, सम्मान और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए अपनी आवाज लगातार बुलंद करती रहेगी.
जिलाध्यक्ष हरिलाल कोल ने भी जताया आक्रोश
जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरिलाल कोल ने कहा कि लोकतंत्र में असहमति के लिए पर्याप्त स्थान है, लेकिन सार्वजनिक जीवन में मर्यादा और सम्मान बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सत्याग्रह के जरिए अपना विरोध दर्ज कराते हुए मामले में कार्रवाई की मांग की.
मऊगंज की सड़कों पर कांग्रेस का यह प्रदर्शन केवल विरोध तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पार्टी ने इसे लोकतांत्रिक सम्मान और राजनीतिक मर्यादा से जोड़ते हुए अपनी एकजुटता का संदेश देने की कोशिश की.
ये भी पढ़ें: रायपुर कमिश्नरेट का बढ़ेगा दायरा, शहर से लगे छह थाने शामिल करने का प्रस्ताव
