मऊगंज: मऊगंज जिले के हनुमना जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत खटखरी में करीब 2 करोड़ 30 लाख रुपये के कथित भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है. पंचायत के सैकड़ों ग्रामीणों ने विकास कार्यों में वित्तीय अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए मऊगंज कलेक्टर और जिला पंचायत रीवा को शिकायत सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है.
शिकायतकर्ताओं ने क्या बताया
शिकायतकर्ताओं के अनुसार पंचायत में विभिन्न विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं की गई हैं. ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि इन कथित अनियमितताओं में सरपंच, सचिव और एक कथित दलाल की भूमिका पर आरोप लगाया है शिकायत में कई बिंदुओं का उल्लेख करते हुए संबंधित दस्तावेज को अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए जाने की बात कही गई है.
ग्रामीणों में काफी नाराजगी
ग्रामीणों का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद प्रशासनिक स्तर पर मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया गया था. इसके बावजूद शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि जांच की प्रक्रिया अपेक्षित गति से आगे नहीं बढ़ रही है. इससे ग्रामीणों में नाराजगी है और वे मामले की समयबद्ध जांच की मांग कर रहे हैं. शिकायत में पंचायत के विकास कार्यों में एक कथित दलाल के हस्तक्षेप का आरोप भी लगाया गया है.
दस्तावेजों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित व्यक्ति पंचायत के कामकाज और विकास कार्यों में प्रभाव रखता है. अब ग्रामीणों की निगाहें मऊगंज जिला प्रशासन और जिला पंचायत रीवा पर टिकी हैं. ग्रामीण चाहते हैं कि शिकायत में लगाए गए प्रत्येक आरोप और उपलब्ध दस्तावेजों की निष्पक्ष जांच कराई जाए. यदि जांच में वित्तीय अनियमितताएं या सरकारी राशि के दुरुपयोग की पुष्टि होती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए.
ये भी पढ़ें:राम मंदिर CEO इंटरव्यू में धर्म की परीक्षा? शराब से जनेऊ तक पूछे गए कई तरह के सवाल
