Vistaar NEWS

Mauganj: मंदिर का ताला तोड़कर राधा-कृष्ण की मूर्ति तोड़ी, महिला पुजारी को धमकी, पुलिस ने शुरू की जांच

Mauganj temple lock broken and Radha-Krishna idol smashed

मऊगंज: मंदिर का ताला तोड़कर राधा-कृष्ण की मूर्ति में तोड़फोड़

Mauganj News: मऊगंज जिले में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है. बहेराडाबर स्थित हनुमान और दुर्गा माता मंदिर में ताला तोड़कर राधा-कृष्ण की मूर्तियों को क्षतिग्रस्त करने का आरोप है. इतना ही नहीं, मंदिर की बिजली फिटिंग उखाड़ने और धार्मिक सामग्री बाहर फेंकने की भी शिकायत की गई है. मंदिर की पुजारिन ने एक व्यक्ति पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है. शिकायत के बाद मऊगंज पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

महिला पुजारी ने क्या कहा?

मऊगंज के बहेराडाबर स्थित मंदिर में तोड़फोड़ की शिकायत के बाद हड़कंप मच गया. पुजारिन लीलावती तिवारी के मुताबिक, 12 सितंबर की शाम करीब साढ़े पांच बजे जब वह मंदिर पहुंचीं, तो मंदिर का ताला टूटा हुआ था. राधा-कृष्ण की मूर्ति क्षतिग्रस्त थी, बिजली फिटिंग उखड़ी हुई थी और धार्मिक सामग्री मंदिर के बाहर पड़ी थी.

पुजारिन ने बताया कि मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें घटना की जानकारी दी. इसके बाद उन्होंने बहेराडाबर सरपंच विनय सिंह चौहान को सूचना दी. सरपंच मौके पर पहुंचे और मंदिर की स्थिति का फोटो और वीडियो अपने मोबाइल में बनाया. पुजारिन का आरोप है कि इसके बाद रात करीब आठ बजे आरोपी शिब्बू उर्फ शिवांशू सिंह उनके घर पहुंचा और उन्हें तथा उनकी बेटी को गाली-गलौज करते हुए धमकी दी.

जान से मारने की धमकी मिली

शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपी ने मंदिर का ताला तोड़ने और मूर्ति तोड़ने की बात कही और पुलिस में शिकायत करने पर जान से खत्म करने की धमकी दी. रात होने और अकेले होने के कारण पुजारिन ने उसी समय शिकायत नहीं की. अगले दिन वह सरपंच के साथ मऊगंज थाने पहुंचीं और लिखित आवेदन दिया.

ये भी पढ़ें: Mauganj: 45 साल के शख्स की संदिग्ध मौत से सनसनी! फंदे पर लटका मिला शव, परिजनों को हत्या का शक

पुलिस ने मामले की जांच शुरू की

शिकायत के आधार पर मऊगंज पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 298, 296ए, 351(3) और 324(1) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है. अब पुलिस मंदिर में हुई तोड़फोड़, मूर्ति क्षतिग्रस्त करने और धमकी के आरोपों की जांच कर रही है. पुलिस जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर साफ होगी. मंदिर में तोड़फोड़ के आरोपों ने इलाके में सवाल खड़े कर दिए हैं अब देखना होगा कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और पुलिस इस मामले में आगे क्या कार्रवाई करती है.

Exit mobile version