MP News: मध्य प्रदेश के सीधी जिले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इसमें एक पटवारी करीब 65 साल के बुजुर्ग की पीठ पर बैठकर नाला पार करते नजर आ रहे हैं. वीडियो सामने आने के बाद पटवारी के इस तरीके को लेकर सवाल उठने लगे.
वीडियो वायरल होने के बाद कलेक्टर ने सख्ती दिखाते हुए पटवारी को निलंबित कर दिया. अब पूरे मामले की जांच अपर कलेक्टर कर रहे हैं.
बुजुर्ग की पीठ पर बैठकर पार किया नाला
वायरल वीडियो में एक ग्रामीण यह कहते हुए सुनाई दे रहा है कि पटवारी साहब को गिरने मत देना, उनका खर्चा वही देंगे. बताया जा रहा है कि नाले की चौड़ाई करीब दो से ढाई मीटर थी और पानी भी ज्यादा गहरा नहीं था. इसके बावजूद पटवारी ने खुद नाला पार करने के बजाय बुजुर्ग की पीठ का सहारा लिया.
फसल नुकसान का जायजा लेने निकले थे पटवारी
दरअसल, विंध्य क्षेत्र में हुई तेज बारिश से किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा है. प्रशासन ने राजस्व अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रभावित इलाकों में भेजकर फसल नुकसान का आकलन कराने के निर्देश दिए हैं. इसी सिलसिले में सीधी जिले की माटा ग्राम पंचायत के हल्का पटवारी नीलेश नामदेव भी नुकसान का जायजा लेने गांव की ओर जा रहे थे.
बुजुर्ग को बनाया सहारा
रास्ते में नाला पड़ने पर पटवारी ने खुद पानी में उतरकर उसे पार करने के बजाय करीब 65 वर्षीय बुजुर्ग ललवा केवट की पीठ पर बैठकर नाला पार किया. इसी दौरान किसी ग्रामीण ने मोबाइल से पूरा घटनाक्रम रिकॉर्ड कर लिया. अब यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
ग्रामीणों ने अधिकारियों से की शिकायत
वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों में नाराजगी है. उन्होंने मामले की शिकायत जिले के वरिष्ठ अधिकारियों से की है. सोशल मीडिया पर भी लोग पटवारी के रवैये पर सवाल उठा रहे हैं. मामले को प्रशासन ने संज्ञान में लिया है.
ये भी पढे़ं- भोपाल महापौर मालती राय की कार को आग लगाने की कोशिश, नगर निगम परिसर में खड़ी थी गाड़ी
