Vistaar NEWS

Rewa News: सोशल मीडिया पर बढ़ा अवैध हथियारों का चलन! युवक ने पहले पहले कट्टा दिखाकर दी धमकी, फिर की 8 राउंड फायरि‍ंग

Trend of illegal weapons and bike stunts on the rise in Rewa.

रीवा में बढ़ा अवैध हथि‍यार और बाइक स्टंट का चलन

Rewa News: रीवा में सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों का प्रदर्शन एक बार फिर चर्चा का विषय बन गया है. इंस्टाग्राम पर वायरल हो रहे एक अकाउंट में पहले युवक यह कहते हुए दिखाई देता है कि “बात-बात में कट्टा चल जाता है रीवा शहर में.” इसके बाद उसी अकाउंट से 8 राउंड फायरिंग का वीडियो अपलोड किया गया, जिससे पुलिस की कार्रवाई और कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं.

बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो में दिखाई देने वाला युवक राज उर्फ रॉक, निवासी करहिया है. हालांकि, उसकी पहचान और वीडियो की सत्यता का पुलिस स्तर पर परीक्षण किया जा रहा है.

अकाउंट से वीडियो किया अपलोड

इतना ही नहीं, इसी इंस्टाग्राम अकाउंट पर सड़क पर जानलेवा स्टंट के कई वीडियो भी अपलोड किए गए हैं. वीडियो में युवक चलती बाइक पर खड़े होकर खतरनाक स्टंट करता नजर आ रहा है. इस दौरान सड़क पर अन्य वाहन भी गुजर रहे हैं, जिससे न केवल उसकी अपनी जान बल्कि राहगीरों और अन्य वाहन चालकों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ती दिखाई दे रही है.

सोशल मीडिया पर खुलेआम हथियारों का प्रदर्शन

रीवा में अवैध हथियार लंबे समय से पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बने हुए हैं. जिले में आए दिन गोलीबारी, हथियारों की बरामदगी और फायरिंग की घटनाएं सामने आती रहती हैं. ऐसे में सोशल मीडिया पर खुलेआम हथियारों का प्रदर्शन और फायरिंग के वीडियो साझा करना चिंता का विषय बन गया है.

पुलिस अधिकारियों का मानना है कि सोशल मीडिया के जरिए हथियारों और खतरनाक स्टंट का प्रदर्शन युवाओं में गलत संदेश देता है और अपराध व लापरवाही को बढ़ावा दे सकता है. ऐसे मामलों में वीडियो की सत्यता, हथियार की वैधता और वीडियो अपलोड करने वाले की पहचान कर वैधानिक कार्रवाई की जाती है.

पहले भी थाना प्रभारी ने दिए सख्‍त कार्रवाई के निर्देश

रीवा पुलिस अधीक्षक गुरुकरण सिंह पहले ही जिले के सभी थाना प्रभारियों को अवैध हथियारों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने और सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दे चुके हैं.

पुलिस वायरल वीडियो और इंस्टाग्राम अकाउंट की जांच कर रही है. जांच में यदि वीडियो और हथियार वास्तविक पाए जाते हैं तो संबंधित युवक के खिलाफ अवैध हथियार रखने, सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने और मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढे़ं- Mauganj: ‘चाकू गैंग’ का आतंक! ट्रक रुकवाकर UPI से वसूले 5 हजार रुपये, मोबाइल लूटकर हुए फरार

Exit mobile version