Sagar Sharab Kand: सागर जिले में हुए शराब कांड का मामला अब मध्य प्रदेश हाई कोर्ट पहुंच गया है. जहरीली शराब को लेकर कोर्ट में एक याचिका दायर की गई है. इस याचिका में शराब कांड की उच्चस्तरीय जांच की मांग की गई है. साथ ही जांच पूरी होने तक सागर के कलेक्टर और एसपी को पद से हटाने की मांग की गई है. याचिका को सामाजिक कार्यकर्ता वैभव सिंह ने दायर की है. पूरे मामले पर अब कल कोर्ट में सुनवाई होगी.
शराब कांड में आरोपियों पर कार्रवाई
सागर जिले में जहरीली शराब पीने से 20 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है. इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकार ने आरोपियों के घर और अवैध निर्माण पर बुलडोजर कार्रवाई की है. मामले में मुख्य आरोपी चंद्रभान सिंह राजपूत के घर पर बुलडोजर चलाया गया. वहीं इस मामले में दो आरोपी के शॉर्ट एनकाउंटर भी किए गए हैं.
मामले में पुलिस ने करीब 30 लोगाें के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी. इसमें से 16 से ज्यादा आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है, वहीं अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार जुटी हुई है. इन आरोपियों में मुख्य आरोपी सरपंच चंद्रभान राजपुत और अन्य आरोपी शामिल है.
सीएम मोहन यादव ने दिए थे सख्त निर्देश
सागर शराब कांड में सीएम मोहन यादव ने भी सख्त रूख अपनाया था. सीएम ने पूरे मामले में न्यायिक जांच के आदेश देते हुए सागर संभाग के कमिश्नर और आईजी को तत्काल प्रभाव से बदल दिया था. सीएम ने दिलीप कुमार को सागर का नया संभागायुक्त और इरशाद वली को सागर के नए आईजी के रूप में नियुक्त किया था.
सीएम मोहन यादव ने मामले में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत जिम्मेदारी तय करते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढे़ं- सागर जहरीली शराब कांड के पीड़ितों से मिले CM मोहन यादव, प्रशासन को कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए
