मां वाग्देवी की मूर्ति को लंदन से वापस लाने की मांग तेज, धार सांसद ने केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से की मुलाकात
लंदन से मां वाग्देवी की प्रतिमा को वापस लाने के लिए सांसद सावित्री ठाकुर ने केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत को पत्र सौंपा.
Input- जफर अली
MP News: धार स्थित भोजशाला में हाई कोर्ट के फैसले के बाद विधिवत पूजा-अर्चना शुरू हो चुकी है. इसके साथ ही मां वाग्देवी की प्रतिमा को लंदन से वापस लाने की मांग तेज हो गई है. इसको लेकर धार-महू लोकसभा क्षेत्र की सांसद और केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने नई दिल्ली में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने गजेंद्र सिंह शेखावत से लंदन संग्रहालय में रखी मां वाग्देवी की प्रतिमा को भारत वापस लाने की मांग को लेकर पत्र भी सौंपा है. सांसद ने केंद्रीय मंत्री को भोजशाला आने का निमंत्रण भी दिया. केंद्रीय मंत्री ने सांसद के निमंत्रण को स्वीकार कर आगामी जून माह में धार आने की सहमति दी है.
‘भोजशाला करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है’
नई दिल्ली में हुई इस मुलाकात के दौरान सांसद और केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत को पत्र सौंपते हुए कहा कि भोजशाला करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है और मां वाग्देवी की प्रतिमा को वापस भारत लाकर भोजशाला में स्थापित किया जाना चाहिए.
‘केंद्र सरकार देश की धरोहरों को वापस लाने का काम कर रही’
सांसद से मुलाकात के बाद केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार देश की सांस्कृतिक और धार्मिक धरोहरों को वापस लाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि मां वाग्देवी की प्रतिमा को भारत वापस लाने के लिए गंभीरता से काम किया जा रहा है. वहीं सांसद सावित्री ठाकुर ने कहा कि भोजशाला केवल ऐतिहासिक स्थल नहीं बल्कि सनातन संस्कृति और श्रद्धा का प्रतीक है. उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा भी इस दिशा में किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया. अब केंद्रीय मंत्री के प्रस्तावित धार दौरे को लेकर भोजशाला और मां वाग्देवी प्रतिमा का मुद्दा फिर चर्चा में आ गया है.
ये भी पढ़ें: भोजशाला में HC के फैसले के बाद धार में पहली बकरीद, भारी सुरक्षा के बीच अमन-चैन से मनाया गया त्योहार