सिवनी में 51 लाख के गांजे के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, कार की सीट के नीचे बने सीक्रेट चेंबर में छिपा रखा था

MP News: पुलिस ने कार सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में उनकी पहचान भोपाल निवासी जाकिर मिया और कमल जाटव के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक आरोपी लंबे समय से अंतरराज्यीय स्तर पर गांजा तस्करी में शामिल हो सकते हैं.
seoni two smugglers arrested with ganja worth 51 lakh rupees

सिवनी: 51 लाख रुपये के गांजे के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

MP News: (सिवनी से संजीव क्रिडिया की रिपोर्ट) सिवनी जिले की लखनादौन पुलिस को नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 51 लाख 30 हजार रुपये कीमत का गांजा और एक कार जब्त कर दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है. आरोपी कार की सीटों के नीचे बनाए गए सीक्रेट चैम्बर में गांजा छुपाकर नागपुर से भोपाल ले जा रहे थे. पुलिस की इस कार्रवाई के बाद जिले में सक्रिय नशा तस्करी नेटवर्क को लेकर कई अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.

पुलिस ने घेराबंदी कर कार को रोका

जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नागपुर की ओर से भोपाल जा रही एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार में भारी मात्रा में गांजा परिवहन किया जा रहा है. सूचना मिलते ही लखनादौन पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर नेशनल हाईवे पर बम्होडी ब्रिज के पास घेराबंदी की. कुछ समय बाद संदिग्ध कार मौके पर पहुंची, जिसे पुलिस ने रोककर जांच शुरू की.

सीट के नीचे बना रखा था सीक्रेट चैंबर

प्रारंभिक तलाशी में कार में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला, लेकिन पुलिस को वाहन की बनावट पर शक हुआ. इसके बाद जब सीटों के नीचे बारीकी से जांच की गई तो वहां विशेष रूप से बनाया गया एक सीक्रेट चैम्बर मिला. चैम्बर खोलने पर उसमें छुपाकर रखे गए 15 पैकेट बरामद हुए. पैकेटों की जांच करने पर उनमें गांजा पाया गया. पुलिस ने मौके पर ही गांजे का वजन कराया, जिसमें कुल 86 किलो 600 ग्राम गांजा बरामद हुआ.

पुलिस मामले की जांच में जुटी

पुलिस ने कार सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में उनकी पहचान भोपाल निवासी जाकिर मिया और कमल जाटव के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक आरोपी लंबे समय से अंतरराज्यीय स्तर पर गांजा तस्करी में शामिल हो सकते हैं. जब्त गांजा और वाहन सहित कुल मशरूका की कीमत लगभग 51 लाख 30 हजार रुपये आंकी गई है.

ये भी पढ़ें: डिंडोरी में नीलगिरि बने बढ़ते जलसंकट की वजह! अच्छी कीमत के लालच में लगाए जा रहे पेड़, PHE ने भी माना गंभीर

फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था. साथ ही इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी शुरू कर दी गई है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

ज़रूर पढ़ें