शहडोल में हेलमेट वाले ‘नटवरलाल’ ! ATM में बुजुर्ग को बनाया निशाना, अकाउंट से निकाले 80000 रुपये
शहडोल: बुढ़ार में हेलमेट गैंग ने बुजुर्ग को बनाया निशाना, 80 हजार रुपये ठगे
MP News: (शहडोल से कैलाश लालवानी की रिपोर्ट) आप भी एटीएम से पैसे निकालते समय किसी अनजान शख्स से मदद लेते हैं? अगर हाँ, तो सावधान हो जाइए! शहडोल जिले के बुढार में एक ऐसी रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात हुई है, जिसे सुनकर आपके पैरों तले जमीन खिसक जाएगी. यहां शातिर ठगों ने मदद के नाम पर एक बुजुर्ग के साथ वो खेल खेला कि उनकी जीवन भर की कमाई मिनटों में स्वाहा हो गई.
हेलमेट वाले ‘नटवरलाल’
मामला बुढार थाना क्षेत्र के भारत पेट्रोल पंप के पास स्थित SBI ATM का है. 65 वर्षीय संतोष श्रीवास्तव अपने बेटे अंकित की गाढ़ी कमाई के कुछ पैसे निकालने एटीएम पहुंचे थे. उन्होंने 13,500 रुपये निकाले ही थे कि तभी वहां पहले से घात लगाकर बैठे ‘हेलमेट गैंग’ के शिकारियों ने अपना जाल फेंका. चेहरे पर हेलमेट और दिल में दगाबाजी लिए इन बदमाशों ने बुजुर्ग को अपनी बातों के मायाजाल में फंसाया. बुजुर्ग को लगा कि ये लड़के उनकी मदद कर रहे हैं, लेकिन उन्हें क्या पता था कि हेलमेट के पीछे छिपे चेहरे उनके घर में आर्थिक ‘भूकंप’ लाने आए हैं.
पलक झपकते ही बदल दिया ‘किस्मत का कार्ड’
बदमाशों ने इतने शातिराना अंदाज में हाथ की सफाई दिखाई कि बुजुर्ग को भनक तक नहीं लगी कि उनके हाथ में जो कार्ड है, वो अब सिर्फ प्लास्टिक का एक टुकड़ा रह गया है. असली कार्ड ठगों की जेब में था और उसका पिन उनकी आंखों में. बुजुर्ग जैसे ही घर पहुंचे, उनके मोबाइल पर संदेशों की झड़ी लग गई.
खाते से 10 हजार कटे…फिर 20 हजार…फिर 50 हजार…देखते ही देखते खाते से 80 हजार रुपये साफ हो गए. पीड़ित परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई. जिस बेटे ने बाहर नौकरी कर पाई-पाई जोड़ी थी, उसे इन लुटेरों ने एक झटके में लूट लिया.
ये भी पढ़ें: इंदौर के बाद अब मऊगंज का नंबर! अवैध कॉलोनियों ने बिगाड़ा सिस्टम, गंदा पानी पीने को लोग हो रहे मजबूर
पुलिस ने शुरू की जांच
बुढार थाना प्रभारी विनय सिंह गहरवार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है. पुलिस अब सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाल रही है, लेकिन सवाल वही है क्या हेलमेट के पीछे छिपे उन चेहरों को कानून बेनकाब कर पाएगा?