‘नए फ्लैट में पूजा की, उसी घर से निकली अंतिम यात्रा…’, इंदौर में पति के सामने पत्नी को कार से कुचला, अस्पताल में हुई मौत
सॉफ्टवेयर इंजीनियर शंपा पांडे
Indore News: इंदौर शहर के लसूड़िया स्थित सागर अपार्टमेंट में हुई घटना ने एक हंसते-खेलते परिवार को कुछ ही पलों में उजाड़ कर रख दिया. इस घटना में सबसे दर्दनाक पल वो रहा जब मासूम बच्चों को दो दिन तक ये नहीं बताया गया कि उनकी मां अब इस दुनिया में नहीं रही. पूरी घटना पर पति सौरभ पांडे ने कहा कि घटना के बाद बड़े बेटे का फोन आया खाना खाने के लिए तब उन्होंने कहा कि ‘मम्मा की तबीयत ठीक नहीं है, दो दिन में वे आ जाएंगी. इस बात को सुनने के बाद बेटे ने जवाब दिया कि मम्मा आ जाएंगी तब ही खाना खाऊंगा.’
घटना के दो दिन बाद जब उनकी मां की डेड बॉडी घर पहुंची, उस दौरान उन्हें सच्चाई बताई गई. सच्चाई सुनने के बाद भी छोटा बेटा ये नहीं समझ पा रहा कि उसकी मां हमेशा के लिए उसे छोड़कर चली गई है.
मां के जन्मदिन पर करना चाहती थी अच्छा काम
सौरभ ने बताया कि हादसा जिस दिन हुआ है, उसी दिन उन्होंने डीबी प्राइड में नया फ्लैट बुक किया था. संयाेग ये रहा कि उस दिन शंपा की मां का जन्मदिन भी था. इसी वजह से नया घर लेने के लिए इसको अच्छा कदम मान रहे थे. लेकिन उसी दिन घटना हो गई और पूरी जिंदगी बदल गई.
गृह प्रवेश वाली जगह से निकली अंतिम यात्रा
नवंबर में पूरे परिवार ने इस फ्लैट में पूजा की थी. उसी घर से अब शंपा की अंतिम यात्रा निकाली गई. पति सौरभ ने कहा कि ‘ऐसा लगा जैसे हमारे परिवार में बम फट गया हो… एक ही मिनट में सब कुछ खत्म हो गया.’ सौरभ ने बताया कि तीन महीने पहले ही शंपा की मां का ब्रेन हेमरेज से निधन हुआ था. पूरा परिवार उस सदमे से उभर भी नहीं पाया था कि अब फिर से हादसा हो गया.
रंगपंचमी के आसपास सच्चाई आई सामने
सौरभ के अनुसार, सागर समृद्धि अपार्टमेंट में परिवार के साथ शिफ्ट होने के बाद उन्हें सोसाइटी के वॉट्सएप ग्रुप में जोड़ दिया गया. ग्रुप से उन्हें पता चला कि बिल्डिंग में AIRBNB के जरिए कुछ संदिग्ध गतिविधियों को लेकर सोसाइटी में विवाद चल रहे हैं. उन्होंने बताया कि रंगपंचमी के आसपास उन्हें पूरे मामले की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने फ्लैट बेचने या फिर किराए से देने का फैसला किया. हालांकि उन्होंने शुरू में सोचा की हालात सामान्य होंगे और वे यही रहने लग गए. सौरभ ने घटना के लिए जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है.
क्या था पूरा मामला?
इंदौर में पेंटहाउस किराए पर देने के विवाद में एक शख्स ने कार से एक महिला को कुचल दिया. इस हादसे में उनकी मौत हो गई. मृतक महिला का नाम शंपा पाठक पांडे था. वह इंफोसिस में सॉफ्टवेयर इंजीनियर थीं. 13 मार्च को अपने पति और दो बच्चों के साथ फ्लैट में शिफ्ट हुई थीं.
मामले में पुलिस ने बताया कि टाउनशिप की सागरश्री एन्क्लेव बिल्डिंग में कुलदीप चौधरी ने अपना पेंटहाउस एयरबेंड को किराए पर दे रखा था. यहां रोज नए लोग आते रहते थे. इस बात को लेकर रहवासियों की आपत्ति थी. एक रात रहवासियों ने उनके फ्लैट की लाइट बंद कर दी. यह देख कुलदीप चौधरी नीचे आए और इस बात को लेकर मारपीट हो गई.
इसी के बाद बेटा मोहत चौधरी कार लेकर आया और पहले वहां रहने वाली महिला कर्मचारी पर और फिर शंपा पांडे पर गाड़ी चढ़ा दी. शंपा को बॉम्बे हॉस्पिटल में भर्ती किया गया. जहां उनकी मौत हो गई.
ये भी पढे़ं- मध्य प्रदेश के हजारों अतिथि शिक्षकों को झटका, स्पेशल एजुकेटर 31 मार्च तक ही दे पाएंगे सेवाएं