कब लगेगी आवारा कुत्तों पर लगाम! मुरैना में जनगणना करने पहुंचे शिक्षक पर किया हमला, गंभीर रूप से घायल

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से शिक्षक राम अवतार धाकड़ को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहाड़गढ़ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया.
Stray dogs attacked the teacher.

आवारा कुत्तों ने शिक्षक पर हमला किया.

Input- मनोज मुरैना

MP News: मुरैना में पहाड़गढ़ मुख्यालय की ग्राम पंचायत कहारपुरा में जनगणना कार्य के दौरान एक शिक्षक पर आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया. हमले में शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहाड़गढ़ में भर्ती कराया गया. घटना के बाद जनगणना कार्य में लगे प्रगणकों और कर्मचारियों में चिंता का माहौल बन गया है.

पैर में कई जगह काटा

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्राथमिक शिक्षक राम अवतार धाकड़, पीएम श्री विद्यालय धुरकूड़ा में पदस्थ हैं और उन्हें जनगणना प्रगणक की जिम्मेदारी सौंपी गई थी. रविवार सुबह करीब 8:40 बजे वे ग्राम पंचायत कहारपुरा में जनगणना कार्य के लिए पहुंचे थे. बताया गया है कि भवन क्रमांक 30, मकान मालिक दर्शन बाथम के घर के पास पहुंचते ही पीछे से आए आवारा कुत्तों ने उन पर अचानक हमला कर दिया. कुत्तों ने उनके पैर पर कई जगह काट लिया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और काफी खून बह गया.

कुत्तों के हमले में संभलने का मौका भी नहीं मिला

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से शिक्षक राम अवतार धाकड़ को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहाड़गढ़ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया. डॉक्टरों ने उन्हें कुछ दिनों तक आराम करने की सलाह दी है. घायल शिक्षक ने बताया कि वह जनगणना कार्य के तहत घर-घर जानकारी एकत्र करने पहुंचे थे, तभी अचानक कुत्ते ने पीछे से हमला कर दिया. उन्होंने कहा कि घटना इतनी अचानक हुई कि उन्हें संभलने तक का मौका नहीं मिला.

घटना की सूचना शिक्षक द्वारा तत्काल अपनी सुपरवाइजर मुकेश सरल को दी गई. सूचना मिलते ही सुपरवाइजर मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी तहसीलदार को भेजी गई. प्रशासनिक अधिकारियों ने भी घटना को गंभीरता से लिया है.

कर्मचारी और शिक्षकों को सावधानी बरतने की सलाह

इस घटना के बाद जनगणना कार्य में लगे कर्मचारियों और शिक्षकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. अधिकारियों द्वारा सभी प्रगणकों को निर्देश दिए जा रहे हैं कि ग्रामीण क्षेत्रों में जनगणना करते समय सतर्क रहें और विशेष रूप से आवारा कुत्तों से बचाव के उपाय अपनाएं.

ग्रामीणों का कहना है कि गांव में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है, जिससे लोगों में डर का माहौल बना हुआ है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों पर नियंत्रण की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों.

ये भी पढ़ें: MP News: मूक बाधिर दंपति में पत्नी के फैसले ने बढ़ाया सस्पेंस, तलाक के मामले में कोर्ट जून में दोबारा करेगा सुनवाई

ज़रूर पढ़ें