MP News: मध्य प्रदेश में भाजपा चलाएगी बजट प्रचार अभियान-2026, 2 से 10 फरवरी तक केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस
एमपी में भाजपा चलाएगी बजट प्रचार अभियान
MP News: मध्य प्रदेश भाजपा प्रदेश कार्यालय सहित आज प्रदेशभर में केंद्रीय बजट का लाइव प्रसारण होगा. भाजपा प्रदेश कार्यालय सहित प्रदेशभर में केंद्रीय बजट का श्रवण किया जाएगा. वहीं भाजपा 1 फरवरी से 15 फरवरी तक “बजट प्रचार अभियान-2026” चलाएगी.
प्रदेशभर में आज होगा बजट का लाइव प्रसारण
दरअसल आज बजट के दिन के लिए प्रदेश कार्यालय सहित प्रदेशभर में मंडल स्तर पर स्क्रीन लगाकर रविवार को प्रातः 11 बजे से बजट के लाइव प्रसारण को देखने की व्यवस्था की गई. प्रदेश कार्यालय में पार्टी के वरिष्ठ नेता, प्रदेश पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आमजन केंद्रीय बजट का श्रवण करेंगे.
अभियान के लिए भाजपा ने प्रदेश स्तरीय टोली का गठन किया
बजट प्रचार अभियान-2026 को लेकर भाजपा प्रदेश स्तरीय टोली का गठन किया गया है. प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने बजट के प्रचार-प्रसार को लेकर प्रदेश स्तरीय टोली का गठन किया है. भाजपा प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी को प्रदेश स्तरीय टोली का संयोजक बनाया गया है. प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल, सोशल मीडिया के प्रदेश संयोजक सुयश त्यागी एवं पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश कोषाध्यक्ष राम गुर्जर को प्रदेश टोली का सह संयोजक बनाया गया है.
बजट को लेकर भाजपा जिलों में आयोजित करेगी विभिन्न कार्यक्रम
भारतीय जनता पार्टी द्वारा केंद्रीय बजट के प्रचार-प्रसार के लिए 1 फरवरी से 15 फरवरी तक प्रदेशभर में “बजट प्रचार अभियान-2026” चलाया जाएगा.
2 फरवरी से 10 फरवरी के बीच प्रदेश, संभागीय मुख्यालयों एवं जिलों में केंद्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री, केंद्रीय पदाधिकारी, प्रदेश अध्यक्ष, मध्य प्रदेश शासन के वित्त मंत्री एवं वरिष्ठ नेताओं द्वारा केंद्रीय बजट को लेकर पत्रकार-वार्ताएं आयोजित की जाएंगी.
बजट के बाद होंगे कार्यक्रम आयोजित
बजट के बाद विभिन्न वर्गों से सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से प्रदेशभर में युवा एवं विद्यार्थी संवाद, किसान संवाद, महिला संवाद, श्रमिक संवाद तथा व्यापारी संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख केंद्रों पर सांसद, विधायक, महापौर एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के नेतृत्व में स्थानीय कार्यक्रम एवं चौपाल आयोजित की जाएंगी. इसके अतिरिक्त प्रमुख नगरों में बजट पर पैनल डिस्कशन आयोजित किए जाएंगे, जिनमें वरिष्ठ नेता, केंद्रीय मंत्री एवं प्रमुख नीति-निर्माता सहभागिता करेंगे.
ये भी पढे़ं- MP BJP में बड़ा बदलाव, हितानंद शर्मा संघ के क्षेत्रीय सह बौद्धिक प्रमुख बनाये गए