MP News: बिजली कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत, कैशलेस हेल्थ स्कीम से मिलेगा लाखों तक का मुफ्त इलाज
सांकेतिक तस्वीर
MP News: राजधानी समेत मध्य क्षेत्र के हजारों बिजली कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है. ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर की पहल पर बिजली कंपनी ने कर्मचारियों के लिए एक नई कैशलेस स्वास्थ्य योजना लागू करने का फैसला किया है. इस योजना के तहत अब कर्मचारियों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए अपनी जेब से भारी खर्च नहीं करना पड़ेगा. बुधवार को बिजली कंपनी और बीमा कंपनी मेडसेव के बीच इस योजना को लेकर औपचारिक सहमति बन गई.
तीन विकल्पों में बीमा सुविधा
नई योजना में कर्मचारियों को अपनी सुविधा के अनुसार तीन विकल्प दिए गए हैं. यदि कोई कर्मचारी हर महीने 500 रुपये का प्रीमियम देता है, तो उसे और उसके परिवार को 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर मिलेगा. वहीं, 1000 रुपये मासिक देने पर 10 लाख और 2000 रुपये देने पर 25 लाख रुपये तक के इलाज की सुविधा कैशलेस तरीके से उपलब्ध होगी. इस पहल से कर्मचारियों और उनके परिवारों को बड़े मेडिकल खर्चों की चिंता से राहत मिलने की उम्मीद है.
रिटायर्ड कर्मचारियों को भी फायदा
बिजली कंपनी के एमडी ऋषि गर्ग के मुताबिक यह योजना 1 मई से लागू कर दी जाएगी. इस योजना की खास बात यह है कि इसका लाभ सिर्फ वर्तमान कर्मचारियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सेवानिवृत्त कर्मचारी और पेंशनर्स भी इसमें शामिल हो सकेंगे. अब किसी भी गंभीर बीमारी की स्थिति में कर्मचारी निर्धारित अस्पतालों में बिना नकद भुगतान किए इलाज करवा सकेंगे. इसे कर्मचारियों के हित में उठाया गया एक महत्वपूर्ण और सकारात्मक कदम माना जा रहा है.
ये भी पढे़ं- CG News: सरकारी कर्मचारी अब नहीं बन सकेंगे राजनीतिक पार्टी के सदस्य, सरकार ने आदेश जारी कर लगाई रोक