जेल में बंद कैदी की शादी तय करवा दी! कोर्ट ने SP से जवाब तलब किया, पूछा- पुलिस अधिकारी आंखें बंद करके साइन करते हैं क्या
सांकेतिक तस्वीर.
MP News: मध्य प्रदेश के मंडला जिले में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. मामला नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में जेल में बंद एक कैदी से जुड़ा है. दोषी ने अपने भाई की शादी में शामिल होने के लिए अस्थाई रूप से जमानत मांगी थी. लेकिन जब कोर्ट ने थाने से कागजात मंगवाए तो जानकारी दी गई कि शादी खुद कैदी की है. जिसके बाद कोर्ट ने एसपी से जवाब मांगते हुए फटकार लगाई.
‘आपके अधिकारी आंखें बंद करके साइन करते हैं क्या?’
नाबालिग से दुष्कर्म का दोषी अन्नू आदिवासी जेल में बंद है. दोषी ने मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की डिवीजन बेंच में भाई की शादी में शामिल होने के लिए अस्थाई रूप से जमानत के लिए याचिका लगाई थी. अन्नू ने बताया था कि 17 अप्रैल को उसके भाई की शादी है. जिसके बाद कोर्ट ने संबंधित थाने से कागजात मंगवाए. लेकिन थाने से जो रिपोर्ट भेजी गई उसके बाद कोर्ट भी हैरान रह गई. दरअसल थाने जो रिपोर्ट भेजी गई थी, उसमें बताया गया कि शादी अन्नू आदिवासी के भाई की नहीं बल्कि खुद उसी की 18 अप्रैल को है. जिसके बाद कोर्ट ने मंडला एसपी को कोर्ट में बुलाकर फटकार लगाई. कोर्ट ने एसपी से पूछा- क्या आपके अधिकारी आंखें बंद करके कागजात पर हस्ताक्षर करते हैं?
‘ऐसी लापरवाही दोबारा बर्दाश्त नहीं की जाएगी’
वहीं पूरे मामले पर एसपी ने कोर्ट में हाजिर होकर बिना शर्त माफी मांगी. जस्टिस विवेक अग्रवाल और जस्टिस ए.के. सिंह की पीठ ने एसपी को फटकार लगाते हुए कहा कि ऐसी लापरवाही दोबारा ना हो. साथ ही कोर्ट ने कहा कि अगर दोबारा ऐसा होता है तो बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. हालांकि कोर्ट ने एसपी को माफी को स्वीकार कर लिया. साथ ही दुष्कर्म के दोषी को भाई की शादी में शामिल होने के लिए सशर्त जमानत दे दी. कोर्ट ने अन्नू आदिवासी को शादी में शामिल होने के बाद 20 अप्रैल तक सरेंडर करने के लिए भी कहा है.
ये भी पढे़ं: MP में खेती से जुड़ी लाड़ली बहनें अब गाय-भैंस पालेंगी, सरकार उठाएगी पूरा खर्च