MP News: खुद को मरीज बताकर एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचा चोर, पार्किंग में खड़ी स्कूटी लेकर हुआ फरार
सीसीटीवी में कैद हुआ चोर
MP News: शहडोल जिले के धनपुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से एक हैरान कर देने वाला और फिल्मी अंदाज में स्कूटी चोरी का मामला सामने आया है, जहां एक शातिर चोर ने खुद को घायल मरीज बताकर 108 एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचने के बाद अस्पताल में खड़ी ANM की स्कूटी लेकर फरार हो गया. यह पूरी घटना अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिससे पुलिस जांच में जुट गई है.
सीसीटीवी से सच आया सामने
धनपुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ एएनएम संगीता सिंह ने अपनी होंडा एक्टिवा स्कूटी (क्रमांक MP 19 MW 4655) को अस्पताल की पार्किंग में खड़ा किया था, उनकी स्कूटी अचानक गायब हो गई, संदेह होने पर जब सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तो जो सामने आया, उसने सभी को चौंका दिया. फुटेज में दिखाई दिया कि एक 108 एंबुलेंस अस्पताल पहुंचती है, जिसमें चालक सहित तीन लोग सवार थे, इनमें से एक व्यक्ति, जिसकी पहचान खामिडोल निवासी रामानंद तिवारी के रूप में हुई, लंगड़ाते हुए एंबुलेंस से उतरा और मेडिकल स्टाफ से इलाज और एमएलसी की बात की, जिससे वह पूरी तरह एक घायल मरीज की तरह नजर आया.
पार्किंग से स्कूटी लेकर हुआ फरार
कुछ ही देर बाद वही व्यक्ति बिना लंगड़ाए सामान्य तरीके से बाहर निकला और सीधे पार्किंग में पहुंचकर एएनएम की स्कूटी स्टार्ट कर मौके से फरार हो गया. इस दौरान एंबुलेंस चालक और अन्य साथी भी वहां से निकल गए, यह पूरी घटना अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, घटना की जानकारी मिलते ही एएनएम संगीता सिंह ने धनपुरी थाने में शिकायत दर्ज कराई, पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर ली है और उसकी तलाश शुरू कर दी है.
पुलिस ने एंबुलेंस चालक को लिया हिरासत में
इस पूरे घटनाक्रम में 108 एंबुलेंस चालक की भूमिका भी संदिग्ध मानी जा रही है. धनपुरी पुलिस ने 108 एम्बुलेंस चालक अशोक बैगा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. प्रारंभिक पूछताछ में चालक ने बताया कि उसे कॉल कर आरोपी ने खुद को एक्सीडेंट पीड़ित बताकर एंबुलेंस बुलवाई थी और इलाज के बहाने धनपुरी अस्पताल पहुंचा था, फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है.
ये भी पढे़ं- Jabalpur: रील बनाने की चाहत में 3 युवतियों की नहर में डूबने से मौत, CM ने किया 4 लाख की आर्थिक मदद का ऐलान