MP News: बोरिंग मशीन चालक की लापरवाही से तीन मजदूरों की दर्दनाक मौत, रिवर्स लेने के दौरान मशीन के नीचे दबे मजदूर
पुलिस थाना सेक्टर 1 पीथमपुर
रिपोर्ट – जफर अली, धार
MP News: धार जिले के पीथमपुर में बोरिंग मशीन चालक की लापरवाही से तीन परिवार के चिराग बुझ गए. मशीन रिवर्स लेते समय मशीन के नीचे दबने से छत्तीसगढ़ के तीन मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई. पीथमपुर क्षेत्र के ग्राम गवाला से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक चालक की लापरवाही ने तीन परिवारों के चिराग बुझा दिए. पुलिस ने ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है, फिलहाल तीनों मजदूरों के शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा है. वहीं पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू करदी है.
ड्राइवर ने मशीन को किया रिवर्स
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ट्यूबवेल की खुदाई के लिए एक ‘हॉलैंड मशीन’ बुलाई गई थी. काम के बाद मशीन पर काम करने वाले तीन मजदूर रामचरण, अनूप प्रताप और अरविंद थकान मिटाने के लिए उसी मशीन के नीचे सो गए थे. हादसा उस वक्त हुआ जब ड्राइवर ने बिना मशीन के नीचे देखे, लापरवाही बरतते हुए तेजी से मशीन को रिवर्स (पीछे) कर दिया. नींद में सो रहे तीनों मजदूर भारी-भरकम टायर की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई.
जांच में जुटी पुलिस
मृतकों की पहचान रामचरण, अनूप प्रताप और अरविंद. मूल निवासी तीनों मृतक छत्तीसगढ़ के रहने वाले थे. पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए हॉलैंड मशीन को ज़ब्त कर लिया है और आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया है. फिलहाल, पुलिस ने तीनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सूचित कर दिया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है.
ये भी पढे़ं- Jabalpur: बरगी डैम हादसे की पीड़िता से वसूले थे रुपये, नोबल अस्पताल का लाइसेंस निलंबित, कारण बताओ नोटिस जारी