Ujjain: उज्जैन की खदान में नहाने गए दो किशोरों की डूबने से मौत, 10 घंटे चले रेस्क्यू के बाद निकाले गए शव
दो किशोरों की डूबने से मौत
Ujjain News: उज्जैन जिले के नागझिरी थाना क्षेत्र के करौंदिया गांव में एक दर्दनाक हादसे में दो किशोरों की गहरी खदान में डूबने से मौत हो गई. यह घटना सोमवार को हुई, जब दोनों अपने दोस्तों के साथ नहाने के लिए खदान पर पहुंचे थे. खदान में युवकों को बचाने के लिए काफी देर तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद दोनों के शव गहरे पानी से बरामद किए गए.
कोचिंग के बहाने निकले थे युवक
खदान जानकारी के मुताबिक, कुल 9 दोस्त दोपहर करीब 2:30 बजे कोचिंग जाने का कहकर घर से निकले थे. 11वीं कक्षा पास करने के बाद सभी ने पार्टी करने का प्लान बनाया और देवास-मक्सी बायपास स्थित करौंदिया गांव की एक खदान पर पहुंच गए. वहां सभी दोस्त नहाने लगे, लेकिन इसी दौरान दो किशोर गहरे पानी में चले गए और बाहर नहीं निकल सके.
50 फीट गहरे पानी में फंसे युवक
बताया जा रहा है कि खदान का पानी करीब 50 फीट गहरा था. साथियों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो पाए, जबकि बाकी सात दोस्त कम गहराई में होने के कारण सुरक्षित बाहर आ गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं और शाम करीब 5 बजे से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया.
10 घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन
बचाव कार्य में होमगार्ड, एसडीआरएफ और तीन थानों की पुलिस के साथ इंदौर और रतलाम से आई टीमें भी शामिल रहीं. खदान की गहराई और अंधेरा होने के कारण ऑपरेशन काफी चुनौतीपूर्ण रहा. करीब 10 घंटे की मशक्कत के बाद रात 10:30 बजे शुभम (16) निवासी किशनपुरा/देसाई नगर का शव निकाला गया, जबकि दूसरे किशोर अनस (16) निवासी अशोकनगर का शव मंगलवार तड़के करीब 3:30 बजे बरामद किया गया.
पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव
एसडीआरएफ के जिला कमांडेंट संतोष कुमार जाट ने बताया कि टीम ने पूरी कोशिश की, लेकिन परिस्थितियां बेहद कठिन थीं. फिलहाल दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
ये भी पढे़ं- Satna Murder News: सतना में 11 साल के मासूम की निर्मम हत्या! नीले ड्रम में छिपाया शव, आरोपी का बच्चे के पिता था विवाद