Vistaar NEWS

रतलाम: बेटी ने की लव मैर‍िज तो पिता ने जिंदा रहते कर दिया ‘पिंडदान’, परिवारिक रिश्‍तों से भी किया बेदखल

The father performed the pind daan for his daughter

पिता ने बेटी का किया पिंडदान

MP News: मध्‍य प्रदेश के रतलाम में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सभी को हैरान कर दिया है. बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थीं. घर में रोशनी सजाई जानी थी और शहनाई गूंजने वाली थी, लेकिन इससे पहले ही बेटी ने अपने प्रेमी के साथ शादी कर ली. इस फैसले से नाराज पिता ने ऐसा कदम उठाया, जिसने पूरे इलाके में चर्चा छेड़ दी.

पिता ने हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार अपनी जीवित बेटी को मृत मानते हुए उसकी आत्मा की शांति के लिए गोरनी (पिंडदान) का आयोजन किया. कार्यक्रम में परिवार के सदस्यों के साथ समाज और आसपास के करीब 200 से 250 लोग शामिल हुए.

शादी से पहले प्रेमी के साथ किया विवाह

दरअसल, 3 दिसंबर को मोना प्रजापत की शादी होनी थी. परिवार में विवाह की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन शादी से पहले ही मोना ने अपने प्रेमी दीपक धाकड़ के साथ प्रेम विवाह कर लिया. बेटी के इस फैसले से नाराज पिता ने उसे परिवार और समाज से अलग करने का ऐलान कर दिया. इसी नाराजगी के चलते उन्होंने बेटी को मृत मानकर गोरनी की रस्म आयोजित की. कार्यक्रम में पंडित की मौजूदगी में धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा-पाठ किया गया.

स्टांप पेपर पर लिखकर रिश्ते खत्म करने का ऐलान

पिता ने केवल धार्मिक आयोजन तक ही कदम सीमित नहीं रखा. उन्होंने स्टांप पेपर पर लिखित समझौता तैयार कर मोना और उसके पति दीपक धाकड़ को पारिवारिक रिश्तों से बेदखल करने की बात भी कही. पिता का कहना है कि इस आयोजन के जरिए वह समाज और युवाओं को संदेश देना चाहते हैं कि बच्चों को अपने माता-पिता की भावनाओं, इच्छाओं और परिवार के मूल्यों का ध्यान रखना चाहिए.

पिता बोले- बेटी को मृत मानकर किया आयोजन

मोना के पिता ने नाराजगी जताते हुए कहा कि उन्होंने अपनी बेटी को आज से मृत मान लिया है. उनके मुताबिक, मृत्यु के बाद जिस तरह के धार्मिक कार्यक्रम किए जाते हैं, उसी तरह का आयोजन करके उन्होंने बेटी से अपने संबंध खत्म करने का फैसला किया है. उनका मानना है कि इस कदम से युवाओं को सीख मिलेगी और वे ऐसा निर्णय लेने से पहले अपने परिवार के बारे में भी सोचेंगे.

भाई ने भी बहन के फैसले पर जताई नाराजगी

इस पूरे मामले में मोना के भाई ने भी पिता का साथ दिया. उसने बहन के प्रेम विवाह पर नाराजगी जताई और गोरनी की रस्म में हिस्सा लिया. कार्यक्रम में समाज के लोगों और आसपास के निवासियों की मौजूदगी ने इस घटना को और चर्चा में ला दिया.

पंडित बोले- युवाओं को संदेश देने के लिए किया आयोजन

गोरनी की पूजा कराने वाले पंडित ने कहा कि सामान्य तौर पर यह रस्म किसी जीवित व्यक्ति के लिए नहीं की जाती. हालांकि, उनके अनुसार, इस आयोजन के जरिए आज के युवाओं को अपने माता-पिता के प्रति जिम्मेदारी समझने का संदेश देने की कोशिश की गई है. परिवार के इस फैसले ने प्रेम विवाह, पारिवारिक सहमति और सामाजिक परंपराओं को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है.

Exit mobile version