MP News: टेमी टी गार्डन पहुंचे केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, चाय बागान कर्मियों के साथ तोड़ी चाय पत्तियां
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया
MP News: केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपने सिक्किम प्रवास के दूसरे दिन शुक्रवार को नामची स्थित प्रसिद्ध टेमी टी गार्डन का दौरा किया. सिक्किम के एकमात्र चाय बागान में पहुंचे सिंधिया ने वहां कार्यरत चाय पत्ती तोड़ने वाले श्रमिकों और कर्मचारियों से आत्मीय संवाद किया तथा उनकी मेहनत और समर्पण की सराहना की.
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने तोड़ी चाय की पत्तियां
दौरे के दौरान सिंधिया ने पारंपरिक बांस की टोकरी पहनकर स्वयं भी चाय की पत्तियां तोड़ीं और श्रमिकों के साथ समय बिताया. उन्होंने चाय पत्ती तोड़ने की प्रक्रिया में श्रमिकों की गति, सटीकता और वर्षों की साधना से विकसित कौशल की प्रशंसा करते हुए कहा कि सिक्किम की चाय को वैश्विक पहचान दिलाने में इन कर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान है.
नेपाली भाषा में किया संवाद
इस दौरान एक आत्मीय क्षण तब देखने को मिला, जब केंद्रीय मंत्री ने श्रमिकों और स्थानीय लोगों से धाराप्रवाह नेपाली भाषा में संवाद किया. सिंधिया के नेपाली में बातचीत करने से पूरे चाय बागान में अपनत्व और उत्साह का वातावरण बन गया तथा स्थानीय लोगों ने गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया.
Walked through the lush, misty Temi Tea Gardens in Namchi, Sikkim today.
— Jyotiraditya M. Scindia (@JM_Scindia) May 15, 2026
Spent time and interacted with the incredible hardworking tea pluckers and garden workers in the Tea gardens today. Tried my hand at tea plucking too and very quickly realised the grace, speed and effort… pic.twitter.com/X9c1iNz4pV
पूर्वोत्तर की संस्कृति देश की अमूल्य धरोहर
सिंधिया ने कहा कि पूर्वोत्तर भारत की संस्कृति, परंपरा और प्राकृतिक संपदा देश की अमूल्य धरोहर है तथा टेमी टी गार्डन उसकी सुंदर पहचान प्रस्तुत करता है. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पूर्वोत्तर क्षेत्र के पर्यटन, कृषि और स्थानीय उत्पादों को वैश्विक मंच तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है.