श्योपुर में आदिवासी किसान की हत्या के बाद आक्रोश, ग्रामीणों ने थाने के अंदर घुसकर किया पथराव, पुलिस का लाठीचार्ज
आदिवासी किसान की हत्या के बाद ग्रामीणों ने थाना परिसर के अंदर जमकर बवाल किया.
Input- हेमकुमार तिवारी
MP News: मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले में आदिवासी किसान की हत्या के बाद बवाल हो गया है. गुस्साए ग्रामीणों ने कराहल थाने पहुंचकर धावा बोल दिया. ग्रामीणों ने थाने परिसर के अंदर घुसकर पथराव किया और वाहनों में जमकर तोड़फोड़ किया. इसके बाद ग्रामीणों ने श्योपुर-शिवपुरी हाईवे पर चक्काजाम कर दिया. हालात को काबू में करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े. इसके बाद भी प्रदर्शनकारी नहीं माने तो पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा.
इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया. एसडीएम, पुलिस के आला अधिकारी समेत स्थानीय विधायक भी मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने में जुटे हैं. लेकिन गुस्साए लोगों का कहना है कि जबतक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती वे रास्ता नहीं खाली करेंगे.
स्कॉर्पियों सवार बदमाशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग
पूरा मामला कराहल थाना क्षेत्र के पनवाड़ा गांव का है. यहां आदिवासी किसान गंगाराम शनिवार को खेत पर काम कर रहे थे. तभी स्कॉर्पियो सवार 10 से 12 बदमाश पहुंचे और गंगाराम पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी. लगभग 7 से 8 राउंड फायरिंग की. इस दौरान बचाव करने आए लोगों के साथ भी जमकर मारपीट की. गोली लगने से आदिवासी किसान की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए. घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है.
लाठी-डंडे लेकर थाने पहुंचे ग्रामीण
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि जमीन विवाद के कारण मृतक गंगाराम की कुछ लोगों से अदावत थी. पुरानी रंजिश में ही हत्या को अंजाम दिया गया है. वहीं हत्या के बाद ग्रामीणों में भारी गुस्सा है. रात करीब 2 बजे ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर थाने पहुंचे और जमकर तोड़फोड़ की.
वहीं मामले की जानकारी मिलते ही राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त रामनिवास रावत और सीताराम आदिवासी भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की और सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया. लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि अगर आरोपियों को जल्द नहीं पकड़ा गया तो और उग्र प्रदर्शन करेंगे.