भोपाल के वन विहार में जल्द शुरू होगी नाइट सफारी, रात के अंधेरे में 13 किमी तक पर्यटक देख सकेंगे जंगल का नजारा

Van Vihar: पार्क को नो व्हीकल ज़ोन बनाने के बाद अब यहां सिर्फ इलेक्ट्रिक गाड़ियां (ई-व्हीकल) ही चल रही हैं. फिलहाल पर्यटकों के लिए 40 गाड़ियों का इंतजाम है.
Van Vihar

वन विहार भोपाल

Van Vihar: भोपाल के वन विहार जाने वालों के लिए खुशखबरी है. यहां जल्द ही नाइट सफारी फिर से शुरू होने जा रही है. पर्यटकों की भारी मांग को देखते हुए प्रशासन ने इसे दोबारा शुरू करने का फैसला लिया है. खास बात यह है कि इस सफारी में प्रदूषण रोकने के लिए सिर्फ ई-व्हीकल (इलेक्ट्रिक गाड़ियों) का इस्तेमाल होगा. सैलानी इन गाड़ियों में बैठकर करीब 13 किलोमीटर तक रात के समय जंगल का लुत्फ उठा सकेंगे. फिलहाल वन विहार में 40 ई-व्हीकल चल रहे हैं, जिन्हें अब नाइट सफारी के लिए भी इस्तेमाल किया जाएगा. बता दें कि यह सुविधा तीन साल पहले भी शुरू हुई थी, लेकिन बाद में बंद कर दी गई थी.

40 इलेक्ट्रिक गाड़ियां चलाई जा रही हैं

मध्य प्रदेश अपने घने जंगलों और बाघों के लिए पूरी दुनिया में मशहूर है. खास बात यह है कि राजधानी भोपाल के बीचों-बीच भी वन विहार के रूप में एक खूबसूरत जंगल मौजूद है. सैलानियों की सुविधा के लिए यहां लगातार नए इंतज़ाम किए जा रहे हैं. हर दिन करीब 2,500 से 3,000 लोग यहां घूमने आते हैं. प्रदूषण को दूर रखने के लिए वन विहार में पेट्रोल, डीजल या सीएनजी गाड़ियों का आना मना है. इसकी जगह सैलानियों को 5 किलोमीटर लंबे ट्रैक पर घुमाने के लिए 40 इलेक्ट्रिक गाड़ियां (ई-व्हीकल) चलाई जा रही हैं.

पर्यटकों के लिए क्या सुविधाएं हैं?

वन विहार आने वाले पर्यटकों के लिए सुविधाएं और बेहतर की जा रही हैं. पर्यटकों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रबंधन अगले दो महीनों में 5 नई गोल्फ कार्ट शामिल करने जा रहा है, जिससे इनकी कुल संख्या बढ़कर 55 हो जाएगी. गर्मी का सीजन खत्म होते ही ये नए वाहन सड़कों पर दिखने लगेंगे, क्योंकि फिलहाल इनके टेंडर की प्रक्रिया चल रही है. इसके अलावा, पर्यटकों की गाड़ियों के लिए नई पार्किंग भी बनाई जा रही है. वर्तमान में भदभदा गेट के पास एक पार्किंग पहले से ही काम कर रही है.

ये भी पढ़ें-Ladli Behna 35th Installment: आज जारी होगी लाडली बहना की 35वीं किस्त, महिलाओं के खाते में आएंगे 1500 रुपये, ऐसे करें चेक

वन विहार के उप संचालक ने क्या बताया?

वन विहार के उप संचालक वीरेंद्र सिंह के अनुसार, पार्क को नो व्हीकल ज़ोन बनाने के बाद अब यहां सिर्फ इलेक्ट्रिक गाड़ियां (ई-व्हीकल) ही चल रही हैं. फिलहाल पर्यटकों के लिए 40 गाड़ियों का इंतज़ाम है. आगे उन्होंने बताया कि सैलानियों की पुरानी मांग को देखते हुए नाइट सफारी को फिर से शुरू करने की तैयारी चल रही है. इसके लिए विभाग के बड़े अधिकारियों से चर्चा कर मार्गदर्शन मांगा गया है. वरिष्ठ अधिकारियों से हरी झंडी मिलने के बाद अब नाइट सफारी को दोबारा शुरू करने का प्लान तैयार कर लिया गया है.

ज़रूर पढ़ें