MP Weather News: एमपी में मौसम फिर बदलेगा रुख, 26 मार्च से बारिश का अलर्ट, जानिए आपके शहर में कितना है तापमान
मौसम समाचार
MP Weather News: मध्य प्रदेश में मार्च के आखिरी सप्ताह में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है. मौसम विभाग के भोपाल केंद्र ने 26 मार्च से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है. इस बदलाव का सबसे ज्यादा असर पूर्वी मध्य प्रदेश के जिलों जैसे जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग में देखने को मिलेगा, जहां 20 से अधिक जिलों में मौसम प्रभावित हो सकता है.
बारिश से पहले बढ़ेगा तापमान
हालांकि बारिश से पहले प्रदेश को तेज गर्मी का सामना करना पड़ेगा. अगले तीन दिनों में दिन के तापमान में 3 से 5 डिग्री तक बढ़ोतरी होने के संकेत हैं. मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय होने जा रहा पश्चिमी विक्षोभ 26 मार्च से असर दिखाएगा, जिसका प्रभाव मध्य प्रदेश तक पहुंचेगा.
साइक्लोनिक सिस्टम का नहीं पड़ेगा असर
वर्तमान स्थिति की बात करें तो दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और पाकिस्तान के आसपास एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है, लेकिन इसका असर मध्य प्रदेश के मौसम पर नहीं पड़ेगा. पिछले दिनों 18 से 21 मार्च तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और ओलावृष्टि का दौर चला था, जो अब थम चुका है. इसके बाद से ही गर्मी ने तेजी पकड़ ली है. रविवार को ज्यादातर शहरों में तापमान 32 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया. उज्जैन में 34 डिग्री, इंदौर में 33.3 डिग्री, भोपाल में 33 डिग्री, ग्वालियर में 31.8 डिग्री और जबलपुर में 31.3 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया.
नर्मदापुरम रहा सबसे गर्म
नर्मदापुरम प्रदेश का सबसे गर्म इलाका रहा, जहां अधिकतम तापमान 37.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. इसके अलावा रायसेन में 37.6 डिग्री और रतलाम में 37.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया. खरगोन और नरसिंहपुर में पारा 36 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि गुना में 33 डिग्री दर्ज किया गया. अन्य जिलों में भी तापमान में बढ़ोतरी का रुझान साफ नजर आया, जिससे गर्मी का असर लगातार बढ़ता दिख रहा है.
ये भी पढे़ं- MP News: भीड़ को देखते हुए रेलवे का बड़ा फैसला, भोपाल-इटारसी होकर गुजरेंगी CSMT-गोरखपुर और LTT-बनारस ट्रेनें