Bhopal: भोपाल में वाशिंग मशीन वाली महिला चोर गिरफ्तार, लाखों रुपये कैश बरामद, त्योहारों में खाली घरों को बनाती थी निशाना

Bhopal: आरोपी महिला का नाम रजिया खान है. रजिया खान पर कुल 26 अपराध दर्ज हैं. इंदौर में भी महिला के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं.
accused woman

आरोपी महिला

Bhopal News: भोपाल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. शहर के अलग-अलग इलाकों में चोरी करने वाली शातिर महिला चोर को गिरफ्तार किया गया है. आरोपी महिला का नाम रजिया खान है. रजिया खान पर कुल 26 अपराध दर्ज हैं. इंदौर में भी महिला के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं.

वाशिंग मशीन में छिपाकर रखती थी कैश और जेवरात

दरअसल, आरोपी महिला चोरी किए गए कैश और जेवरात को अपने घर में रखी वाशिंग मशीन में छिपाकर रखती थी. आरोपी के घर वाशिंग मशीन की तलाशी लेने पर चोरी का माल बरामद हुआ है. बड़ी बात यह है कि हर चोरी की घटना के बाद आरोपी जेवरात और कैश को वाशिंग मशीन में ही रखती थी, ताकि किसी को शक न हो. पुलिस ने आरोपी की वाशिंग मशीन से 2.5 लाख रुपये की नगदी जब्त की है. आरोपी के पास से सोने का मंगलसूत्र, कान की बाली, गले की चेन, लॉकेट और चांदी का गुच्छा, कुल करीब 3 लाख रुपये कीमत का सामान जब्त किया गया है.

महाशिवरात्रि के दिन की बड़ी चोरी

महाशिवरात्रि के दिन बाणगंगा नॉर्थ इलाके के एक मकान में महिला ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया था. उस दिन घर वाले शिव बारात में शामिल होने गए हुए थे और घर की चाबी बाहर ही रखी हुई थी. महिला ने इसी का फायदा उठाकर चोरी को अंजाम दिया. जब घर वाले रात में वापस लौटे तो अलमारी से कैश और जेवरात गायब मिले. मुखबिर की सूचना पर टीटी नगर पुलिस ने कार्रवाई कर महिला चोर को गिरफ्तार कर लिया.

वाशिंग मशीन से मिले 2.5 लाख रुपये

महाशिवरात्रि के दिन 15 फरवरी को बाणगंगा कम्यूनिटी हॉल के सामने स्थित मकान से चोरी गया सामान और नगदी रजिया खान नाम की महिला से बरामद कर ली गई. ऐशबाग जनता क्वार्टर स्थित रजिया खान के घर की तलाशी लेने पर वाशिंग मशीन से 2.5 लाख रुपये की 5 गड्डियां और एक पर्स में इस्तेमाल किया हुआ सोने का मंगलसूत्र, कान की बाली, गले की चेन, लॉकेट और चांदी का गुच्छा भी बरामद किया गया.

महिला पर दर्ज है 26 अपराध

शातिर महिला चोर के खिलाफ भोपाल के ऐशबाग, जहांगीराबाद, हनुमानगंज, कोहेफिजा और निशातपुरा सहित अलग-अलग थानों में 26 अपराध दर्ज हैं. महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. दरअसल, रजिया खान नाम की यह आरोपी महिला त्योहारों के समय ज्यादा सक्रिय हो जाती थी. त्योहारों के दिनों में खाली घरों और मकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम देती थी. खासकर यह उन घरों को टारगेट करती थी, जिनकी चाबियां घर के बाहर या आसपास रखी होती थीं. ऐसे घरों की तलाश के लिए महिला शहर में स्कूटी से घूमती रहती थी और मौका मिलते ही घर में हाथ साफ कर देती थी.

ये भी पढे़ं- लाडली बहनों के लिए 23,882 करोड़ का प्रावधान, 5700 महिला हॉस्टल का प्रस्ताव, पढ़ें एमपी की महिलाओं को बजट से क्या मिला?

ज़रूर पढ़ें