अब रात 12 बजे तक जागने की जरूरत नहीं, WhatsApp खुद भेजेगा आपका मैसेज, आया शेड्यूलिंग फीचर
WhatsApp Message Scheduling Feature: WhatsApp यूजर्स के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है, अब उन्हें जल्दबाजी में मैसेज भेजने या किसी खास मौके पर रात 12 बजे तक जागने की जरूरत नहीं पड़ेगी. दरअसल मेटा के इस इंस्टेंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर Scheduled Messages फीचर की शुरुआत हो रही है, जिसकी मदद से यूजर्स पहले ही मैसेज लिखकर उसकी तारीख और समय तय कर सकते हैं. इसके बाद चुने गए समय पर WhatsApp खुद ही मैसेज भेज देगा, भले ही उस वक्त आपका फोन ऑफलाइन हो या ऐप बंद हो. यह फीचर 25 नवंबर को कंपनी के ऑफिशियल X अकाउंट पर टीजर के जरिए सामने आया था, जिसके बाद से यूजर्स में इसे लेकर काफी उत्साह देखा जा रहा है.
WhatsApp इस फीचर की टेस्टिंग पिछले कुछ समय से चुनिंदा Android और iOS बीटा यूजर्स के साथ कर रहा था, अब इसे धीरे-धीरे सभी यूजर्स के लिए लाया जा रहा है.
यह फीचर पर्सनल चैट के साथ-साथ ग्रुप चैट में भी काम करेगा, जिससे बर्थडे विश से लेकर जरूरी काम के मैसेज तक आसानी से भेजे जा सकेंगे.
मैसेज शेड्यूल करने के लिए सबसे पहले उस व्यक्ति या ग्रुप की चैट खोलें, जिसे मैसेज भेजना है, फिर मैसेज टाइप करें या फोटो-वीडियो अटैच करें.
इसके बाद सेंड बटन को दबाकर रखने पर तारीख और समय चुनने का ऑप्शन दिखाई देगा, अपनी जरूरत के अनुसार डिलीवरी टाइम चुनकर उसे कन्फर्म करना होगा.
रिपोर्ट्स के अनुसार WhatsApp पर मैसेज को कम से कम 10 मिनट और अधिकतम दो हफ्ते पहले तक शेड्यूल किया जा सकता है, जिससे लंबे समय की प्लानिंग भी आसान हो जाएगी.
इसमें टेक्स्ट, लिंक, फोटो और वीडियो भेजने का ऑप्शन भी मिलेगा, लेकिन डॉक्यूमेंट फाइल शेड्यूल करने की सुविधा फिलहाल उपलब्ध नहीं दिख रही है.
इस फीचर की सबसे खास बात यह है कि मैसेज भेजने के तय समय पर यूजर का फोन इंटरनेट से कनेक्ट होना जरूरी नहीं होगा और शेड्यूल किए गए मैसेज भी एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन से सुरक्षित रहेंगे.
अगर आपने कोई मैसेज शेड्यूल कर दिया है और बाद में प्लान बदल जाता है तो उसे भेजने से पहले डिलीट भी कर सकते हैं, चैट की इन्फॉर्मेशन स्क्रीन में पेंडिंग मैसेज दिखाई देंगे.