कई बार टीम इंडिया में चुने जाने के बाद भी 5 साल से डेब्यू को तरस रहा यह खिलाड़ी, वैभव सूर्यवंशी का इंतजार तो कुछ नहीं!
वैभव सूर्यवंशी और अभिमन्यु ईश्वरन
Abhimanyu Easwaran: क्रिकेट जगत में इन दिनों सबसे ज्यादा चर्चा 15 वर्षीय स्टार बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के इंटरनेशनल डेब्यू की हो रही है. फैंस उनके डेब्यू का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. अपने धमाकेदार प्रदर्शन से वैभव ने भारतीय टीम में जगह तो बना ली है लेकिन अब तक उन्हें प्लेइंग 11 में खेलने का मौका नहीं मिला है. इसी कड़ी में आज हम आपको एक ऐसे भारतीय खिलाड़ी के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्हें कई बार भारतीय टेस्ट टीम का हिस्सा तो बनाया गया, लेकिन करीब 5 साल बाद भी उन्हें डेब्यू कैप पहनने का मौका नहीं मिला. आइए जानते हैं कौन है ये खिलाड़ी…
5 साल से डेब्यू को तरस रहा ये भारतीय खिलाड़ी
दरअसल हम जिस खिलाड़ी कई बात कर रहे हैं, वह कोई और नहीं बल्कि भारतीय स्टार ओपनर अभिमन्यु ईश्वरन हैं. पहली बार साल 2021 में इंग्लैंड दौरे के लिए उन्हें भारतीय टेस्ट टीम में शामिल किया गया था. घरेलू क्रिकेट और इंडिया ए के लिए लगातार शानदार प्रदर्शन करने के बावजूद अभिमन्यु पिछले 5 सालों से टीम इंडिया का हिस्सा बनकर बस ‘वाटर बॉय’ की भूमिका निभा रहे हैं.
पहली बार जब ईश्वरन का भारतीय टीम में चयन हुआ उस समय रोहित शर्मा और केएल राहुल की सलामी जोड़ी शानदार फॉर्म में थी, इसलिए उन्हें डेब्यू का मौका नहीं मिला. इसके बाद लगभग हर सीरीज के स्क्वॉड में उन्हें जगह तो मिली लेकिन उनके डेब्यू का सपना अधूरा ही रह गया.
यह भी पढ़ें: BCCI के लेटेस्ट VIDEO पर भड़के फैंस, बोले- टीम में जगह नहीं, लेकिन व्यूज के लिए उसी का इस्तेमाल
अब भी डेब्यू के इंतजार में अभिमन्यु
भारतीय टेस्ट टीम इन दिनों बदलाव के दौर से गुजर रही है. रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे दिग्गज खिलाड़ी टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं. इस दौरान टीम इंडिया में कई नए चेहरों को डेब्यू का मौका मिला, लेकिन 30 वर्षीय अभिमन्यु ईश्वरन अब भी अपनी टेस्ट डेब्यू कैप के इंतजार में हैं. हैरानी की बात तो यह है कि ईश्वरन के पहली बार भारतीय टीम में चुने जाने के बाद करीब 17 नए खिलाड़ियों ने भारत के लिए टेस्ट डेब्यू कर लिया है. लेकिन स्क्वॉड में शामिल होकर भी अभिमन्यु का इंतजार लगातार बढ़ता ही जा रहा है.
अभिमन्यु ईश्वरन क्रिकेट करियर
30 वर्षीय अभिमन्यु ईश्वरन घरेलू क्रिकेट के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में से एक हैं. उन्होंने अब तक खेले गए 113 फर्स्ट क्लास मैचों की 193 पारियों में 47.6 की औसत से 8381 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 27 शतक और 36 अर्धशतक निकले हैं. वहीं, लिस्ट ए के 96 मैचों की 94 पारियों में उन्होंने 4107 रन बनाए हैं, जिसमें 10 शतक और 24 अर्धशक शामिल हैं. 42 टी20 मैचों की 40 पारियों में अभिमन्यु ने 1242 रन बनाए, जिसमें 2 शतक और 6 अर्धशतक शामिल हैं.