Asian Games 2026: फाइनल में गोल्ड के लिए आमने-सामने भारत-श्रीलंका, इस दिन खेला जाएगा मैच
भारत बनाम श्रीलंका
India vs Sri Lanka Final: एशियन गेम्स 2026 में विमेंस क्रिकेट स्पर्धा का फाइनल मुकाबला भारत और श्रीलंका के बीच खेला जाएगा. दोनों टीमों ने अपने-अपने सेमीफाइनल मैच जीतकर फाइनल में जगह बना ली है. जापान के आईची नागोया में जारी एशियन गेम्स के फाइनल में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की नजर खिताब बचाने पर होगी. ऐसे में आइए जानते हैं दोनों टीमों के बीच गोल्ड मेडल के यह मुकाबला कब और कहां खेला जाएगा.
कब और कहां खेला जाएगा भारत-श्रीलंका फाइनल मैच?
हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने बांग्लादेश को दूसरे सेमीफाइनल में हराकर एशियन गेम्स के फाइनल में जगह बना ली है. गोल्ड मेडल मैच में भारत का सामना श्रीलंका से होगा. दोनों टीमों के बीच गोल्ड मेडल के लिए यह मुकाबला 22 सितंबर को जापान के निसिन शहर स्थित कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में ही खेला जाएगा. यह मुकाबला भारतीय समयानुसार सुबह 10:30 बजे से शुरू होगा.
September 13: Asia Cup 2026 Final ✅ September 22: Asian Games 2026 Final ⌛️ Two summit clashes in nine days for India and Sri Lanka. Who will take the 🥇? #AsianGames https://t.co/Ugcq1ulL9L
— Cricbuzz (@cricbuzz) September 20, 2026
कहां देखें लाइव?
भारत बनाम श्रीलंका एशियन गेम्स 2026 में विमेंस क्रिकेट का फाइनल मुकाबला आप टीवी पर सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर लाइव देख सकते हैं. इसके अलावा मोबाइल और लैपटॉप यूजर्स के लिए इस मुकाबले की लाइव स्ट्रीमिंग सोनी लिव ऐप पर उपलब्ध रहेगी. जहां फैंस इस मैच का लुत्फ उठा सकते हैं. बता दें, एशियन गेम्स में भारतीय टीम डिफेंडिंग चैंपियन है. ऐसे में उसकी नजर एक बार फिर गोल्ड जीतने पर रहेगी.
भारत ने बांग्लादेश को 114 रनों से रौंदा
शैफाली वर्मा के तूफानी शतक के दमपर भारत ने दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में बांग्लादेश को 114 रनों से हरा दिया है. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने अपने बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत बांग्लादेश के सामने 196 रनों का टारगेट रखा. जवाब में बांगलादेश की पूरी टीम महज 81 रनों पर ही सिमट गई. वहीं, दूसरी ओर पहले सेमीफाइनल में श्रीलंका ने पाकिस्तान को 8 विकेट से रौंद कर फाइनल का टिकट कटा लिया है.