एशियन पैरा गेम्स 2026: शीतल देवी ने 19 साल की उम्र में रचा इतिहास, 704 अंक के साथ की वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी

Sheetal Devi Creates History: भारतीय तीरंदाज शीतल देवी ने एशियन पैरा गेम्स 2026 में महिला कंपाउंड क्वालीफाइंग राउंड में शानदार प्रदर्शन करते हुए वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है.
Sheetal Devi

शीतल देवी

Sheetal Devi Creates History: भारतीय पैरा तीरंदाज शीतल देवी ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन कर दुनियाभर में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है. एशियाई पैरा गेम्स 2026 में उन्होंने महज 19 साल की उम्र में वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है. महिला कंपाउंड क्वालिफिकेशन राउंड में शीतल ने 720 में से 704 पॉइंट हासिल किए. साथ ही उन्होंने नया एशियाई रिकॉर्ड भी बना दिया है.

72 में से 57 निशाने लगाए परफेक्ट

आइची प्रांत के ओकाजाकी शहर में जारी इस प्रतियोगिता में शीतल देवी ने अपने 72 निशानों में से 57 बार परफेक्ट 10 अंक हासिल किए. इनमें 32 निशाने टारगेट के सबसे अंदरूनी हिस्से यानी X जोन में लगे. शीतल ने इसी साल मार्च में बनाए गए अपने 698 पॉइंट के एशियाई रिकॉर्ड को 6 पॉइंट और बेहतर कर लिया है. वर्ल्ड रिकॉर्ड भी 704 अंकों का है, जिसे तुर्किये की ओजनुर गिरदी ने 2024 में पेरिस पैरालंपिक में बनाया था.

यह भी पढ़ें: कौन हैं मोना अग्रवाल? जिन्होंने एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारत के लिए गोल्ड जीतकर रचा इतिहास

हांगझोउ में जीता था गोल्ड

शीतल ने 2023 में हांगझोउ एशियाई पैरा गेम्स में भी शानदार प्रदर्शन किया था. जब उन्होंने इंडिविजुअल और मिक्स्ड टीम इवेंट में दो गोल्ड मेडल, जबकि मिक्स्ड टीम इवेंट में सिल्वर मेडल जीता था. इसके अलावा पेरिस पैरालंपिक 2024 में उन्होंने ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया. शीतल वर्ल्ड चैंपियन भी रह चुकी हैं और इतनी कम उम्र में ही उन्होंने इंटरनेशनल लेवल पर अपनी अलग पहचान बना ली है.

पायल नाग ने डेब्यू में ही दिखाया दम

शीतल देवी के अलावा एशियन गेम्स में डेब्यू कर रहीं पायल नाग ने भी महिलाओं की कंपाउंड क्वालिफिकेशन इवेंट में शानदार प्रदर्शन कर सभी को प्रभावित किया. ऑडिशा की इस तीरंदाज ने 675 अंक हासिल किए और पांचवें स्थान पर रहीं. पायल 2026 में बैंकॉक में आयोजित वर्ल्ड आर्चरी पैरा सीरीज में गोल्ड मेडल जीत चुकी हैं.

ज़रूर पढ़ें