दीप्ति शर्मा ने रचा इतिहास, इंटरनेशनल महिला क्रिकेट में बनीं सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज
दीप्ति शर्मा (Photo-BCCI Women)
Deepti Sharma: आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप में रविवार 28 जून को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ करो या मरो मुकाबले में भारतीय स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने इतिहास रच दिया है. दीप्ति अब महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बन गई हैं. उन्होंने भारतीय दिग्गज खिलाड़ी झूलन गोस्वामी को पीछे छोड़ दिया है.
इंटरनेशनल क्रिकेट में दीप्ति शर्मा के नाम सबसे ज्यादा विकेट
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के आखिरी लीग मैच में दीप्ति शर्मा ने बेथ मूनी का विकेट लेकर इतिहास रचा दिया. इस विकेट के साथ ही वह अब इंटरनेशनल महिला क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लीने वाली गेंदबाज बन गई हैं. दीप्ति के नाम 356 विकेट हो गए हैं. जबकि झूलन गोस्वामी के नाम 355 विकेट दर्ज हैं. इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया की एलिस पेरी ने 336 और इंग्लैंड की कैथरीं साइवर-ब्रंट ने अब तक 335 विकेट लिए हैं.
🚨 𝗠𝗼𝗻𝘂𝗺𝗲𝗻𝘁𝗮𝗹 𝗠𝗶𝗹𝗲𝘀𝘁𝗼𝗻𝗲 🚨
— BCCI Women (@BCCIWomen) June 28, 2026
Deepti Sharma now stands at the summit of the wicket-taking charts in Women's International cricket 👏👏
Take. A. Bow 🙇♀️
Updates ▶️ https://t.co/mWgNXcEkp0#TeamIndia | #T20WorldCup | #WomenInBlue | #AUSvIND | @Deepti_Sharma06 pic.twitter.com/VPM26SniP6
दीप्ति शर्मा क्रिकेट करियर
28 वर्षीय भारतीय स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा के क्रिकेट करियर की बात करें तो अब तक उन्होंने 6 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 22 विकेट लिए हैं. इसके अलावा 124 वनडे मैचों में उन्होंने 166 विकेट हासिल किए हैं. वहीं, 149 टी20 मैचों में दीप्ति ने 168 विकेट लिए हैं. अपने पूरे करियर में इस स्टार ऑलराउंडर ने कुल 7 बार पांच विकेट लेने का करिश्मा किया है.
T20 WC 2026 में दीप्ति शर्मा का प्रदर्शन
आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में दीप्ति शर्मा का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा है. इस टूर्नामेंट में उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ शुरुआती मैच में महज 10 रन देकर 5 विकेट चटकाए थे. इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आखिरी लीग मैच में दीप्ति ने 4 ओवर में 31 रन देकर 1 विकेट लिया. टूर्नामेंट में इस शानदार फॉर्म की बदौलत उन्होंने इंटरनेशनल महिला क्रिकेट में झूलन गोस्वामी को पीछे छोड़ते हुए सबसे ज्यादा विकेट लेने का ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है.