ENG vs PAK: लीड्स टेस्ट में दिखा अनोखा नजारा, इंग्लैंड के 2 गेंदबाजों ने झटके 5-5 विकेट, फिर दो टुकड़ों में बंटी गेंद
इंग्लैंड बनाम पाकिस्तान
ENG vs PAK: इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच लीड्स के हेडिंग्ले में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच की पहली पारी में पाकिस्तान की पूरी टीम 171 रनों पर ढेर हो गई. इंग्लैंड के लिए तेज गेंदबाज ओली रॉबिन्सन और जोश टंग ने 5-5 विकेट झटके. इसके बाद मैदान पर एक अनोखा नजारा देखने को मिला और गेंद को दो टुकड़ों में बांटकर दोनों गेंदबाजों को एक-एक टुकड़ा सौंप दिया गया.
2 टुकड़ों में काटी गई गेंद
दरअसल क्रिकेट की एक पुरानी परंपरा है कि मुकाबले में पांच विकेट लेने वाला खिलाड़ी गेंद को मैदान से बाहर ले जाता है और अपने पास रखता है. लीड्स टेस्ट में इंग्लैंड के लिए ओली रॉबिन्सन और जोश टंग ने 5-5 विकेट झटके. इसके बाद सबसे बड़ी दुविधा यही थी कि दोनों में से गेंद कौन रखेगा. दोनों खिलाड़ियों ने आपस में विचार किया और फिर फैसला लिया कि दोनों आधी-आधी गेंद रखेंगे. ग्राउंड स्टाफ ने गेंद के दो हिस्से किए और दोनों गेंदबाजों को एक-एक टुकड़ा सौंप दिया.
यह भी पढ़ें: ENG vs PAK: पाकिस्तानी बल्लेबाज अजान अवैस के नाम दर्ज हुए शर्मनाक रिकॉर्ड, 43 साल में पहली बार हुआ ऐसा
जोश टंग ने सुनाया पूरा किस्सा
पहले दिन का खेल खत्म होने के बाद इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोश टंग ने इस अनोखे नजारे से जुड़ा पूरा किस्सा बताया. टंग ने बताया कि रॉबिन्सन ने कहा हम गेंद को दो टुकड़ों में बांट सकते हैं. इसके बाद ग्राउंड स्टाफ ने ऐसा कर दिया. उन्होंने बताया कि उन्होंने पहली बार ऐसा कुछ होते देखा था. उन्होंने कहा कि वह निश्चित ही इस आधी गेंद को अपने पास रहेंगे. टंग ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा कि इससे पहले आपने शायद ही क्रिकेट बॉल के दो टुकड़े देखे होंगे, तो यह कुछ नया था जिसे हम कभी नहीं भूल सकेंगे.
लीड्स टेस्ट के पहले दिन का हाल
इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच जारी लीड्स टेस्ट मैच में इंग्लैंड के कप्तान जो रूट ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और 6 रन के स्कोर पर टीम ने अपने दो बड़े विकेट खो दिए. पहली पारी में पाकिस्तानी टीम 171 रनों पर ही ढेर हो गई. जवाब में पहले दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने 25 ओवर में 2 विकेट खोकर 112 रन बना लिए थे. इंग्लैंड के लिए ओली रॉबिन्सन और जोश टंग ने 5-5 विकेट लिए.