पंजाब किंग्स में शामिल होते ही सामने आया हार्दिक पंड्या का पहला रिएक्शन, कही बड़ी बात
हार्दिक पंड्या
Hardik Pandya’s First Reaction: आईपीएल 2027 के सीजन से पहले पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच आईपीएल इतिहास के सबसे बड़े ट्रेड में से एक हुआ है. भारतीय स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या पंजाब किंग्स में शामिल हो गए हैं. वहीं, दूसरी तरफ तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह मुंबई के साथ जुड़ गए हैं. इस ट्रेड को लेकर पिछले कुछ समय से लगातार खबरें सामने आ रही थीं और अब दोनों फ्रेंचाइजियों ने इसकी पुष्टि कर दी है.
सामने आया हार्दिक पंड्या का रिएक्शन
पंजाब किंग्स में शामिल होने के बाद हरफनमौला खिलाड़ी हार्दिक पंड्या का पहला रिएक्शन सामने आया है. उन्होंने आधिकारिक तौर पर पंजाब के साथ जुड़ने के बाद अपने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया है. इस पोस्ट में उन्होंने लिखा, ”सत श्री अकाल पंजाब. मेरे कप्तान श्रेयस अय्यर, मेरे कोच रिकी पोंटिंग. मेरी टीम और पूरा पंजाब मैं आपके पीछे खड़ा हूं.” हार्दिक के इस पोस्ट से कंफर्म हो गया है कि आगामी सीजन में श्रेयस ही पंजाब की कमान संभालेंगे और पंड्या उनकी कप्तानी में खेलेंगे.

IPL में कप्तानी कर चुके हैं पंड्या
इंडियन प्रीमियम लीग में हार्दिक पंड्या गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडियंस की कप्तानी कर चुके हैं. अपनी कप्तानी में ही पंड्या ने गुजरात को साल 2022 में आईपीएल खिताब दिलाया था. इसके बाद आईपीएल 2023 के दौरान भी उनकी कप्तानी में टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बनाई थी. इसके बाद साल 2024 में पंड्या मुंबई इंडियंस के साथ जुड़े जहां उन्होंने रोहित शर्मा की जगह टीम की कप्तानी संभाली. हालांकि, पंड्या की कप्तानी में एमआई का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है.
हार्दिक पंड्या IPL करियर
भारतीय स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या का आईपीएल करियर बेहद शानदार रहा है. साल 2015 में उन्होंने मुंबई इंडियंस के लिए अपना आईपीएल डेब्यू किया था. उनके टीम में रहते हुए मुंबई ने 2015, 2017, 2019 और 2020 में आईपीएल खिताब जीते. हार्दिक ने अब तक कुल 162 आईपीएल मैच खेले हैं, जिसमें उनके बल्ले से 2,955 रन निकले हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 10 अर्धशतक निकले हैं. वहीं, 116 पारियों में उनके नाम 82 विकेट भी दर्ज है.



